
मूंग व मूंगफली की सरकारी खरीद 24 नवंबर से शुरू होगी। इसके लिए श्रीगंगानगर व हनुमानगढ़ जिले में 58 खरीद केंद्र बनाए गए हैं। मूंगफली के लिए जिले में दो केंद्र खोले गए हैं। खरीद एजेंसी की ओर से सरकार को मूंग व मूंगफली बेचने के लिए टोकन जारी करना शुरू कर दिया है। खरीद केंद्रों पर मूंग खरीद के लिए सभी प्रकार की व्यवस्था कर ली गई है।
राजफैड के क्षेत्रीय प्रबंधक हरीसिंह शर्मा ने बताया कि मूंग खरीद के लिए श्रीगंगानगर जिले में 47 खरीद केंद्र खोले गए हैं। इनमें से क्रय विक्रय सहकारी समिति के 20 व ग्राम सेवा सहकारी समिति के 27 केंद्र हैं। हनुमानगढ़ जिले में 11 खरीद केंद्र खोले गए हैं। श्रीगंगानगर जिले में 24 नवंबर से लगातार पांच दिन खरीद केंद्रों पर मूंग लाने के लिए 391 किसानों के हिसाब से टोकन जारी किए गए हैं। यानि पांच दिन के लिए 1755 टोकन जारी किए गए हैं। इसी प्रकार जिले में मूंगफली के दो खरीद केंद्रों के लिए प्रतिदिन 30 किसानों के हिसाब से पांच दिन के लिए कुल 225 टोकन जारी किए गए हैं। राजफैड के क्षेत्रीय प्रबंधक ने बताया कि जिन किसानों को टोकन जारी किए जा रहे हैं वे निर्धारित 10 दिन की अवधि में खरीद केंद्रों पर मूंग व मूंगफली एमएसपी पर बेच सकते हैं। इसके बाद टोकन स्वतः ही निरस्त हो जाएगा।
