
बार संघ हनुमानगढ़ में पुस्तकालय भवन जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण शुक्रवार को हुआ। जिला एवं सत्र न्यायाधीश तनवीर चौधरी, एनडीपीएस न्यायाधीश पृथ्वीपाल सिंह, एससी-एसटी मामलों के न्यायाधीश सरिता स्वामी तथा मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) सुनीता बेड़ा ने संयुक्त रूप से जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। बार संघ अध्यक्ष नरेंद्र माली, सचिव प्रकाश रोझ, कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा तथा पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान पुस्तकालय भवन का निरीक्षण करते हुए न्यायाधीशों ने उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की सराहना की। बार संघ अध्यक्ष नरेंद्र माली ने बताया कि लाखों रुपए की लागत से उक्त पुस्तकालय भवन का जीर्णोद्धार करते हुए आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है। अधिवक्ताओं के अध्ययन व अनुसंधान के लिए महत्वपूर्ण कानून संबंधी पुस्तकों के संकलन के साथ-साथ विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में सहायक पुस्तकों को भी स्थान दिया गया है। कोषाध्यक्ष राजीव शर्मा व सचिव प्रकाश रोझ ने निर्माण कार्य में पारदर्शिता व गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जानकारी दी। पुस्तकालय अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने कहा कि पुस्तकालय के रखरखाव, पुस्तकों के संरक्षण एवं संसाधनों के विस्तार के लिए संचित कार्ययोजना तैयार की गई है।
