
श्रीगंगानगर| सामाजिक एकता मंच के पदाधिकारियों ने सोमवार को एसपी के नाम ज्ञापन देकर आकाशदीप ज्वेलर्स से 7 नवंबर को की गई सोने की चोरी के आरोपी को पकड़ने की मांग की है। ज्ञापन में एसपी डॉ. अमृता दुहन को बताया कि 130 ग्राम सोना चोरी हुए 18 दिन बीत चुके लेकिन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं किया है। धीरे-धीरे मामला ठंडा पड़ता जा रहा है। समय बीतने के साथ साथ वारदात के खुलासे की संभावनाएं भी कम होती जा रही हैं। मंच के संयोजक महावीर गुप्ता तथा संरक्षक रफीक चौपदार आदि ने मांग की कि स्पष्ट सीसीटीवी फुटेज मिलने के बाद भी आरोपियों का पता नहीं लग पाना गंभीर चिंता की बात है। इससे सभी व्यापारिक संगठनों तथा शहर वासियों में रोष बढ़ रहा है।
