
हनुमानगढ़| गंगानगर जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड हनुमानगढ़ के तहत चल रही साहीवाल परियोजना के कृत्रिम गर्भाधान टेक्नीशियन विकास जांदू निवासी टोपरियां को भारत सरकार के प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रीय गोपाल रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है।
गंगमूल डेयरी के प्रबंध संचालक उग्रसेन सहारण ने बताया कि भारत सरकार के मत्स्य पालन, पशु पालन एवं डेयरी विभाग नई दिल्ली द्वारा प्रति वर्ष तीन कृत्रिम गर्भाधान टेक्नीशियन को यह अवार्ड दिया जाता है। इसमें वर्ष 2025 के लिए संघ के साहीवाल परियोजना के विकास कुमार जांदू को इस अवार्ड के लिए चुना गया। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय दुग्ध दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को नई दिल्ली में हुए कार्यक्रम में केंद्रीय पशुपालन एवं डेयरी राज्य मंत्री एसपी बघेल तथा जॉर्ज कुरियन द्वारा यह अवार्ड विकास कुमार को प्रदान किया गया। इस अवसर पर राजस्थान कोऑपरेटिव डेयरी फैडरेशन लिमिटेड जयपुर की प्रशासक एवं प्रबंध संचालक श्रुति भारद्वाज भी मौजूद रहीं।
एमडी सहारण ने बताया कि इससे पूर्व वर्ष 2022 में हरि सिंह एवं वर्ष 2024 में राजेंद्र कुमार व विरेंद्र कुमार को भी यह अवार्ड मिल चुका है। एमडी उग्रसेन सहारण के अनुसार संघ कार्य क्षेत्र में भारत सरकार के राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत नेशनल डेयरी डवलपमेंट बोर्ड (एनडीडीबी) के माध्यम से साहीवाल परियोजना साहीवाल गोवंश की नस्ल सुधार एवं संवर्धन के लिए चलाई जा रही है।
