
राजस्थान सचिवालय व सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छियत्तरवें ‘संविधान दिवस’ पर 26 नवंबर को राजस्थान विधानसभा में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में टांटिया यूनिवर्सिटी के विधि संकाय के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
यूनिवर्सिटी के सीनियर रिलेशनशिप ऑफिसर राजकुमार जैन ने बताया कि विधि संकाय के अधिष्ठाता डॉ. सौरभ गर्ग एवं सह आचार्य डॉ. नवनासिंह के नेतृत्व में गए बीए एलएलबी के विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में शिरकत की। इसमें मुख्य अतिथि विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, विशिष्ट अतिथि विधि एवं संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली तथा मुख्य वक्ता अतिरिक्त महाधिवक्ता जीएस गिल थे।
मुख्य वक्ता अतिरिक्त महाधिवक्ता जीएस गिल ने संविधान निर्माण में नंदलाल घोष के प्रस्तुत 22 अध्यायों एवं उनके चिह्नों के बारे में बताया । नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संविधान की मजबूती और खूबसूरती की चर्चा करते हुए कहा कि हमारी एकता और अखंडता ही सबसे बड़ी शक्ति है। यही हमारे संविधान की मूल आत्मा है। विधि एवं संसदीय कार्यमंत्री जोगाराम पटेल ने समान न्याय की चर्चा की और तीन नए कानूनों के बारे में भी बताया। विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने कहा कि हमारा संविधान केवल कानूनों का संग्रह मात्र नहीं है। यह भारत की आत्मा है, भविष्य है।
