
श्रीगंगानगर| स्वास्थ्य विभाग की ओर से गुरुवार को जिलेभर के स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस मनाया गया। इस दौरान गर्भवती महिलाओं को स्वास्थ्य सेवाएं एवं गुड़-चना देने के साथ ही गर्भावस्था के दौरान सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। एनीमिया को लेकर बेहतर पोषण के लिए प्रेरित किया गया। सीएमएचओ डॉ. अजय सिंगला ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व दिवस के तहत जिले में हर माह की 9, 18 और 27 तारीख को गर्भवती महिलाओं और शिशुओं को स्वास्थ्य सेवाएं दी जा रही हैं। गुरुवार को जिले में 78 स्वास्थ्य केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। डॉ. सिंगला ने बताया कि इस दिवस पर महिलाओं का रक्तचाप, शर्करा के स्तर, वजन, हीमोग्लोबिन परीक्षण, रक्त परीक्षण, एचआईवी जांच सहित अन्य जांच की गईं। वहीं आवश्यक दवा निशुल्क उपलब्ध करवाई गई।
