
भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) जिला मुख्यालय लाल चौक पर बैठक जिलाध्यक्ष आत्मासिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में देशभर में लागू किए जा रहे चार लेबर कोड और उनके प्रभावों पर चर्चा हुई। अध्यक्ष ने कहा कि लेबर कोड मजदूरों के अधिकारों को सीमित करने वाले अनेक प्रावधानों से भरे हुए हैं, जिन पर लगातार संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सीटू मजदूर वर्ग की सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा आवरण और सम्मानजनक मजदूरी को लेकर लगातार संघर्षरत है।
मजदूर नेता रामेश्वर वर्मा ने कहा कि नए लेबर कोड से कामगारों की सुरक्षा, काम के घंटे, ठेका व्यवस्था और यूनियन के अधिकार प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि मजदूरों को एकजुट होकर इनके खिलाफ जनजागरण चलाना होगा। सीटू प्रदेश कमेटी सदस्य बलदेवसिंह मक्कासर ने कहा कि लेबर कोड पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाले हैं और इनमें मजदूरों की सामाजिक सुरक्षा कमजोर होती है।
सीटू जिला महासचिव शेरसिंह शाक्य ने कहा कि सरकार द्वारा श्रम कानूनों को एकीकृत कर चार कोड के रूप में लागू करना मजदूर विरोधी कदम है। बैठक में मनीराम मेघवाल, बहादुर सिंह चौहान, बसंत सिंह, सुल्तान खान, ओमप्रकाश, गुरुप्रेम सिंह, रिछपाल सिंह राठौड़, वली शेर, मुकद्दर अली, रामचंद्र, राजेश, बिंटू मौजूद थे।
