
हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में तीन चरणों में कुल 1824 फ्लैट्स बने हुए हैं। एक चरण में 384, दूसरे में 580, तीसरे में 860 फ्लैट्स बने हुए है। वहीं अब चौथे चरण के तहत मेडिकल कॉलेज के ठीक सामने आवासन मंडल ने 320 नए फ्लैट बनाने की स्वीकृति दी है। 15 दिसंबर से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन: आवासन मंडल के अधिकारियों ने बताया कि योजना के लिए रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया 15 दिसंबर से शुरू करने की तैयारी पूरी कर ली है। बोर्ड की वेबसाइट और कार्यालयों के माध्यम से आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। ऑनलाइन प्रणाली के चलते पारदर्शिता के साथ लॉटरी के माध्यम से फ्लैट आवंटन किया जाएगा।
आवेदन प्रक्रिया सरल होगी और दस्तावेजों की जांच डिजिटल रूप से की जाएगी, जिससे लोगों को बार-बार कार्यालय चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। पड़ताल: कॉलोनी के सामने ही कचरे के पहाड़, बदबू और उठते धुएं से नागरिक परेशान: हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में बने फ्लैट अभी तक पूरी तरह आबाद नहीं हो पाए है। इसका बड़ा कारण हाउसिंग बोर्ड के सामने की कचरे के बड़े बड़े पहाड़ बने हुए है। इस कचरे की बदबू और उठता धुंआ कॉलोनी के नागरिकों को परेशान कर रहा है। इसके साथ ही कॉलोनी के नागरिक अपनी सुरक्षा की मांग को लेकर कई बार गुहार लगा चुके है।
बता दे कि रात्रि के दौरान नशेड़ी प्रवृति के लोग इस कॉलोनी के आस-पास भटकते हुए नजर आते है। जिसकी वजह से महिलाओं सहित बच्चें बुजुर्गों का घर से निकलना दूभर हो जाता है। इन घरों में चोरों ने इलेक्ट्रॉनिक वायर सहित आमजन से लूट की वारदात को अंजाम दिया है। ऐसे में यह कॉलोनी पूरी तरह से फेल हो चुकी है। एक्सईएन बोले: नई स्कीम के तहत आंवटन होंगे फ्लैट आवासन मंडल ने सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में 320 नए फ्लैट बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए गाइडलाइन जारी हो चुकी है। 15 दिसंबर से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
