
श्रीगंगानगर की सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पालिका बाजार के पास गश्त के दौरान एक ई-रिक्शा चालक को 1 लाख 30 हजार से ज्यादा अवैध नशीले कैप्सूल और टैबलेट्स के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त टैबलेट्स और कैप्सूल की बाजार कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है।
सदर थानाधिकारी सुभाष चन्द्र के नेतृत्व में सब-इंस्पेक्टर हंसराज खरोड़ की टीम ने यह कार्रवाई की। आरोपी की पहचान त्रिलोक राम (45) निवासी 71 आरबी (रायसिंहनगर) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि त्रिलोक राम डीटीडीसी कोरियर कंपनी में पार्ट टाइम डिलीवरी का काम करता है।
आरोपी पिछले काफी लंबे समय से नशा तस्करों के संपर्क में था और कोरियर कंपनी पर लिखे पते से अलग-अलग जगहों पर इन नशीली दवाओं की डिलीवरी करता था। आरोपी इन कैप्सूल और गोलियों को छिपाकर ई-रिक्शा में ले जा रहा था।
आरोपी के कब्जे से प्रेगाबालिन कैप्सूल आईपी 300 मिलीग्राम (न्यूरो-300) 35 हजार कैप्सूल, टैपेंटाडॉल हाइड्रोक्लोराइड टैबलेट्स (टैनीडॉल) 95 हजार टैबलेट्स बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पूछताछ में आरोपी से नशे की सप्लाई करने वाले बड़े सरगना और अन्य साथियों के नाम उगलवाने की कोशिश की जा रही है।
