
जिला कलेक्टर डॉ. मंजू के नेतृत्व में शनिवार को जिले के प्रशासनिक अधिकारियों ने सरकारी संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान एडीएम रीना और सुभाषकुमार, उपखंड अधिकारी नयन गौतम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र, गोशाला, रैन बसेरा, अस्पताल, स्कूल, बस स्टैंड, अन्नपूर्णा रसोई, पेयजल योजनाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निरीक्षण रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी। जहां-जहां खामियां पाई गई हैं, उनको कारण बताओ नोटिस दिए जाएंगे।
कलेक्टर ने स्वयं केंद्रीय बस स्टैंड का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में साफ-सफाई, शौचालय आदि व्यवस्थाएं देखीं जो संतोषजनक नहीं पाई गईं। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारी को ये सभी व्यवस्थाएं ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर यात्रियों को आवश्यक और निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने बस स्टैंड परिसर में निर्माणाधीन भवन और सड़क का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण तथा निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर डॉ. मंजू ने आंगनबाड़ी केंद्र 15 ए, अनुपम धींगड़ा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय और यहीं संचालित आंगनबाड़ी केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों के पास बैठकर उनसे बातें की तथा पूछा कि उन्हें क्या-क्या खाने को मिलता है और कौन-कौन से खेल खिलाए जाते हैं। शिक्षा विभाग सहित अन्य अधिकारियों को राज्य सरकार के निर्देशानुसार कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर एडीएम सतर्कता रीना, गंगानगर एसडीएम नयन गौतम, यूआईटी एक्सईएन सुरेंद्र पूनिया, सीडीपीओ सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। श्रीगंगानगर. केंद्रीय बस स्टैंड का निरीक्षण करते जिला कलेक्टर डॉ. मंजू व अन्य अधिकारी।
