
हनुमानगढ़ सीमा सड़क संगठन ने प्रोजेक्ट चेतक के अंतर्गत हेडक्वार्टर 49 बीआरटीएफ के तहत महाजन फील्ड फायरिंग रेंज के लिए बिरधवाल–पूगल–बज्जू प्रमुख सड़क परियोजना का प्रथम चरण पूरा कर लिया है। रविवार को इस सड़क का लोकार्पण सूरतगढ़ एमएलए डूंगरराम गेदर ने किया। बता दें कि यह परियोजना सितंबर 2022 में शुरू की गई थी। इस 49.200 किलोमीटर सड़क निर्माण/सुधार का कार्य 278.91 करोड़ की लागत से हुआ है।
कमांडर 49 बीआरटीएफ संजय कुमार ने बताया कि यह राष्ट्रीय राजमार्ग डबल लेन का है। पेव्ड शोल्डर मानक के अनुसार निर्मित यह सड़क 7 मीटर चौड़ी मुख्य मार्ग के रूप में तैयार की गई है। इसके दोनों किनारों पर 1.5 मीटर चौड़े पेव्ड शोल्डर बनाए गए हैं। यह सड़क 70 टन तक का भार सहन करने में सक्षम है। निर्माण कार्य में 52 आरसीसी पुलियाएं, 45,056 मीटर लंबी नाली, 8,080 मीटर लंबी सुरक्षा दीवार तथा 8,400 मीटर लंबाई के विभिन्न ऊंचाई वाले कंक्रीट ब्लॉक शामिल किए गए हैं, जो विपरीत मौसम में भी सड़क को मजबूत और टिकाऊ बनाए रखते हैं। यह सड़क अब सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए पूरी तरह खोल दी गई है।
ये फायदा: सैनिकों और बख्तरबंद वाहनों की आवाजाही आसान होगी रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण यह सड़क एनएच-62 (सूरतगढ़-बीकानेर रोड) के किमी 153.600 (बिरधवाल) से निकलती है और इंदिरा गांधी नहर के बाएं किनारे पर लगभग 150 मीटर की औसत दूरी पर समानांतर चलती है। यह महाजन फील्ड फायरिंग रेंज तक पहुंच को सुगम करती है, जिससे प्रशिक्षण के लिए सैनिकों और बख्तरबंद वाहनों की आवाजाही आसान होगी तथा अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सेना की त्वरित तैनाती संभव हो सकेगी। यह सड़क तीनों क्षेत्रों में सामाजिक-आर्थिक विकास, अवसंरचना वृद्धि तथा पर्यटन को भी बढ़ावा देगी। हनुमानगढ़. सड़क निर्माण का लोकार्पण किया
