
हनुमानगढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेज में पहली बार डॉक्टर्स और एमबीबीएस स्टूडेंट्स वॉलीबॉल के मैदान में दमखम दिखाएंगे। मेडिकल कॉलेज में वॉलीमैनिया 2025, सीजन-1 का आयोजन 13-14 दिसंबर को किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में एक बैठक हुई।
जिसकी अगुवाई आईएमए स्टेट प्रेसिडेंट डॉ. एमपी शर्मा ने की। उन्होंने बताया कि आईएमए हनुमानगढ़, आईएमए–एमएसएन और राजकीय चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में होने वाली इस प्रतियोगिता में टीम गठन, मैच शेड्यूल और पुरस्कार समारोह की रूपरेखा तय कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि चिकित्सकों और छात्रों के मानसिक पुनरुत्थान का अवसर है। तनाव भरे पेशे में खेल वह ऑक्सीजन है, जो ऊर्जा और एकजुटता दोनों बढ़ाती है। पहली बार जिला मुख्यालय के सभी चिकित्सक और मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी एक साथ कोर्ट पर उतरकर खेल प्रतिभा का दम दिखाएँगे। इस मौके पर डॉ. सुनील बेनीवाल, डॉ. दीपक पारीक, नवल किशोर, श्याम सुंदर, सोहन, विकास आदि मौजूद थे।
कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. कीर्ति शेखावत ने बताया कि वॉलीमैनिया 2025 कॉलेज के लिए ऐतिहासिक अवसर होगा, क्योंकि पहली बार डॉक्टर और विद्यार्थी एक ही मंच पर मैत्री मैच खेलेंगे। उन्होंने कहा इवेंट के लिए कुल 8 टीम बनाई गई है। इसमें मेडिकल स्टूडेंट्स की 5 टीम, 2 टीम जिला मुख्यालय के डॉक्टर्स की और 1 टीम इंटर्न की होगी। इस पूरे इवेंट में 100 से अधिक खिलाड़ी शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह विशेष कार्यक्रम के साथ होगा और विजेता टीमों को ट्रॉफी व सम्मानपत्र प्रदान किए जाएंगे।
