
जिले के गांव बावरियावाली ढाणी के ग्रामीणों ने शुक्रवार को जंक्शन सदर थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। ज्ञापन में बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से संदिग्ध लोग चेन स्नैचिंग, पशु चोरी एवं अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे थे, जिनकी सूचना समय रहते पुलिस को दी गई, लेकिन उचित कार्रवाई न होने के कारण अपराधियों के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं। करीब 20 दिन पहले भी चेन स्नेचिंग, पशु चोरी की घटनाओं को लेकर सदर थाना में परिवाद दिया गया था। ग्रामीणों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की थी, किंतु आज तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया।
8 दिसंबर को उन्हीं प्रकार की आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने आए कुछ लोगों को ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए पकड़ लिया। पूछताछ करने पर पकड़े गए लोगों ने अपना पता गांव नवां का बताया और यह भी स्वीकार किया कि वे अपने साथियों के साथ चोरी जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस मामले में ग्रामीणों ने रात्रि को ही पुलिस चौकी डबली को सूचना दी थी, लेकिन पुलिस मौके पर तत्काल नहीं आई और अगले दिन 9 दिसंबर को सुबह गांव पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि मामले में कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने राजनीतिक दबाव में आकर उल्टा ग्रामीणों को ही आरोपी बना दिया और दोषी युवकों के कहने पर ग्रामीणों के खिलाफ ही मुकदमा दर्ज कर दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर एवं सरपंच प्रतिनिधि ललकार सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने थाना अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग की। इस मौके पर हरपाल सिंह, लाभ सिंह, बलविंदर, मुख्तार, रूप सिंह, गुरुप्रीत मौजूद रहे।
