
सीए एसोसिएशन आईसीएआई की हनुमानगढ़ शाखा द्वारा कोड ऑफ एथिक्स एवं स्टैंडर्ड ऑन ऑडिटिंग विषय पर एक दिवसीय सेमिनार हुआ। सेमिनार का उद्देश्य चार्टर्ड अकाउंटेंट्स को पेशेवर आचरण, नैतिक मूल्यों तथा ऑडिटिंग के नवीन मानकों की विस्तृत जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में जोधपुर से आए वक्ता धवल कोठारी एवं मृदुल मेहता ने सहभागियों को संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी पेशे की साख उसके नैतिक आचरण से ही बनती है।
चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के लिए निष्पक्षता, ईमानदारी, गोपनीयता और पेशेवर दक्षता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि बदलते समय में नियामक अपेक्षाएं बढ़ी हैं, ऐसे में कोड ऑफ एथिक्स का पालन न केवल कानूनी आवश्यकता है बल्कि पेशे की गरिमा बनाए रखने के लिए भी जरूरी है। सेमिनार के दौरान प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। इस मौके पर सीए एसोसिएशन वाईस चेयरमैन हर्ष जिंदल, सचिव कमल जैन एवं सिकोसा चेयरमैन रमन गर्ग आदि मौजूद थे।
