
शराबबंदी आंदोलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूनम अंकुर छाबड़ा के जन्मोत्सव पर इलेक्ट्रॉनिक एसोसिएशन एवं भाईचारा वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वाधान में रविवार को टाउन गोशाला प्रांगण में रक्तदान शिविर लगाया गया। इसमें इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदारों ने उत्साह से रक्तदान किया। लाइफ लाइन ब्लड बैंक टीम ने 68 यूनिट रक्त संग्रहण किया गया। इस मौके पर यूनियन के अध्यक्ष बलविंदर सिंह ने जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए समय-समय पर रक्तदान करने का आह्वान किया।
यूनियन सचिव राजेंद्र ग्रोवर ने कहा कि एक यूनिट रक्त से तीन जिंदगियां बच सकती हैं। ऐेसे में हर स्वस्थ व्यक्ति को रक्तदान करना चाहिए ताकि आपात स्थिति में गंभीर घायलों का जीवन बचाया जा सके। भाईचारा वेलफेयर एसोसिएशन के संस्थापक विक्रम धुड़िया ने 57 वीं बार रक्तदान कर नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की। इस मौके पर गोशाला समिति अध्यक्ष मनोहर बंसल, अशोक कुमार आदि मौजूद थे।
