
हनुमानगढ़ जिले में रविवार को मौसम ने करवट ली और सीजन का पहला कोहरा देखने को मिला। सुबह के समय जिले के कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी घटकर करीब 20 मीटर तक रह गई। वहीं तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 10 और उच्चतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बता दें कि कोहरे के कारण सुबह के समय सड़कों पर वाहन चालकों को काफी सतर्कता बरतनी पड़ी। कई स्थानों पर वाहन धीमी गति से चलते नजर आए, वहीं कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और तापमान में गिरावट के कारण कोहरे का असर देखने को मिला है। तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जिससे वातावरण में नमी बढ़ी और कोहरा बना। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही कोहरा धीरे-धीरे छंट गया और धूप निकल आई। कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि यह कोहरा और बढ़ती ठंड रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार इस कोहरे से खासकर गेहूं, सरसों और चने की फसलों को लाभ मिलेगा। बारानी क्षेत्र में बुवाई की गई चने की फसल को सबसे अधिक फायदा होगा। सरसों की फसल में पाला मारने की आशंका भी नहीं रहेगी। कोहरे के कारण वातावरण में नमी बनी रहती है, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होती है और सिंचाई की जरूरत भी कुछ हद तक कम हो जाती है।
किसानों का कहना है कि यदि इसी तरह मौसम संतुलित रहा तो रबी सीजन की पैदावार अच्छी रहने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, 18 के बाद सर्दी बढ़ने की संभावना 18 से 20 दिसंबर के बीच एक पश्चिमी विक्षोभ राजस्थान में सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से बीकानेर संभाग के एरिया में बादल छा सकते है और कहीं-कहीं बारिश भी देखने को मिल सकती है। 25 दिसंबर के बाद सर्दी बढ़ने की संभावना है। उत्तरी राजस्थान के इलाकों में कहीं-कहीं हल्का कोहरा देखने को मिल सकता है। इस बीच तापमान सामान्य के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
