
हनुमानगढ़ में एक व्यक्ति ने अपने छोटे भाई पर फर्जी वसीयत तैयार कर पैतृक मकान हड़पने का आरोप लगाया है। अदालत के आदेश पर हनुमानगढ़ जंक्शन थाना पुलिस ने भाई समेत 3 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तलवाड़ा झील निवासी पवन कुमार ने इस्तगासे में बताया कि उनके पिता महावीर प्रसाद ने हनुमानगढ़ जंक्शन के सेक्टर 12 में 30×90 फीट का मकान, तलवाड़ा झील में 30×45 फीट का भूखंड, तलवाड़ा में एक कॉर्नर की दुकान और खाजूवाला में लगभग 50 बीघा बरानी जमीन खरीदी थी। इसके अलावा, जंक्शन की मुख्य अनाज मंडी में भी एक संयुक्त भूखंड था।
पवन के पिता महावीर प्रसाद का निधन 2005 में हुआ था। उनके वैध वारिसों में पवन, उनका भाई अनिल कुमार, बहन रानी उर्फ मीनाक्षी और माता बिरमा देवी शामिल हैं। पवन ने बताया कि उनका भाई अनिल कुमार 2001 में अलग होकर हनुमानगढ़ जंक्शन में रहने लगा था। हाल ही में, पवन ने अनिल कुमार से संपत्ति के बंटवारे की बात की। इस पर अनिल कुमार ने सेक्टर 12 स्थित मकान और खाजूवाला की 20 बीघा जमीन पर अपना हक जताते हुए एक वसीयत की फोटोकॉपी पेश की। यह वसीयत 2004 की बताई गई।
पवन के अनुसार, इस कथित फर्जी वसीयत पर किए गए हस्ताक्षर और उनके पिता के अन्य दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों में स्पष्ट असमानता है। उन्होंने दावा किया कि उनके पिता ने न तो कोई वसीयत की थी और न ही संपत्ति का बंटवारा किया था।
परिवादी ने आरोप लगाया कि अनिल कुमार ने जुगराज दुग्गड़, जसकरण सिंह और किसी अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर सादे कागज पर टाइप करवाई गई इस कथित वसीयत को असली बताकर नगर परिषद हनुमानगढ़ में पेश किया। इसके बाद 2023 में मकान का इंतकाल अपने नाम करवा लिया। अदालत के आदेश पर जंक्शन थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले की जांच एसआई गुरदेव सिंह कर रहे हैं।
