
टिब्बी में एथेनॉल फैक्ट्री लगाने के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में बुधवार को कलेक्ट्रेट के आगे महापंचायत होगी। मोर्चा के प्रतिनिधि ग्रामीण क्षेत्र में जनसंपर्क कर आमजन से महापंचायत में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील कर रहे हैं। संयुक्त किसान मोर्चा के रेशम सिंह माणुका ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में जनसभाएं की जा रही है। ग्रामीणों से महापंचायत में शामिल होने के लिए निमंत्रण दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एथेनॉल फैक्ट्री लगाने के लिए सरकार धक्काशाही कर रही है। इससे आमजन में आक्रोश बढ़ रहा है। सरकार आंदोलन को कुचलने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है।
इससे न तो किसान डरेंगे और न ही फैक्ट्री लग पाएगी। उन्होंने बताया कि महापंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत, राजाराम मील, गुरनाम सिंह चडूनी सहित कई बड़े नेता शामिल होंगे। सरकार को आखिरकार किसानों और आमजन की भावना समझनी पड़ेगी। संयुक्त किसान मोर्चा के प्रतिनिधि रायसाहब चाहर मल्लड़खेड़ा ने बताया कि महापंचायत को ग्रामीणों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। किसान किसी भी स्थिति में पीछे नहीं हटेंगे। फैक्ट्री हटाने के लिए टिब्बी में गठित संघर्ष समिति के प्रतिनिधि जगजीत सिंह जग्गी ने बताया कि महापंचायत की युद्धस्तर पर तैयारियां चल रही है। पूरी टीम ग्रामीण क्षेत्र में संपर्क कर रही है।
