
हनुमानगढ़ राज्य सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के उपलक्ष्य पर ‘2 साल नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’ थीम पर आधारित तीन दिवसीय जिला विकास प्रदर्शनी का मंगलवार को सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में शुभारंभ किया गया। राज्य सरकार की उपलब्धियों एवं कार्यों पर आधारित जिला विकास पुस्तिका, हनुमानगढ़, पीलीबंगा, संगरिया विधानसभा क्षेत्रों की विकास पुस्तिकाओं का विमोचन किया गया। इस दौरान जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया, धर्मेंद्र मोची, जनप्रतिनिधि अमित सहू मौजूद रहे। अतिथियों ने विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में विगत दो वर्ष में विभिन्न विभागों द्वारा फ्लैगशिप तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों एवं नवाचारों को प्रदर्शित किया गया है।
पूर्व विधायक अभिषेक मटोरिया ने राज्य सरकार के दो वर्ष के सफलतम कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन ‘विकसित भारत 2047’ की परिकल्पना को साकार करते हुए प्रदेश के ऊर्जावान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार राजस्थान के चहुंमुखी विकास के संकल्प को साकार कर रही है। किसान हितैषी राज्य सरकार ने इस वर्ष गेहूं की एमएसपी खरीद पर अतिरिक्त 150 रुपए प्रति क्विंटल बोनस दिया।
केवल हनुमानगढ़ से 8.61 लाख मीट्रिक टन गेहूं खरीदी गई, जो पूरे प्रदेश का 40 फीसदी से अधिक हिस्सा है। इस मौके पर जिला परिषद सीईओ ओपी बिश्नोई, उपनिदेशक उद्यान डॉ. रमेशचंद्र बराला, एसई रामाकिशन, एक्सईएन सुनील निवाद, भाजपा के जिला महामंत्री प्रदीप ऐरी, सुरेंद्र तिवाड़ी, कृष्ण तायल, राकेश मेहंदीरत्ता, शिमला मेहंदीरत्ता मौजूद रहें। मंच संचालन सूर्यप्रकाश जोशी ने किया।
हनुमानगढ़ जंक्शन में प्रदर्शनी का उद्घाटन करते भाजपा पदाधिकारी। भाजपा नेता अमित सहू ने कहा कि दो वर्ष में सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व कार्य किए गए है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा बजट घोषणा 2024-25 एवं 2025-26 में प्रदेश को विकास की ऐतिहासिक सौगातें दी हैं, जिनमें अधिकांशतः घोषणाएं क्रियान्वित की जा चुकी है। साथ ही प्रगतिरत बजट घोषणाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए उन्हें अमलीजामा पहनाने की दिशा में निरंतर काम किया जा रहा है।
प्रमोद डेलू ने कहा कि राज्य सरकार के दो वर्ष सुशासन, विकास और विश्वास को समर्पित रहे है। जन-जन के कल्याण की भावना से इन दो वर्षों में राज्य के हर वर्ग को राहत पहुंचाई गई है। उन्होंने भादरा में खेल स्टेडियम, हनुमानगढ़ में सिंथेटिक ट्रैक, 590 करोड़ रुपए की लागत से 1.07 लाख हेक्टेयर सिंचित क्षेत्र में पक्के खाळों का पुनर्निर्माण, 325 करोड़ रुपए की लागत से घग्घर नदी क्षेत्र में कार्य के लिए बजट घोषणाओं के बारे में बताया।
पूर्व विधायक धर्मेंद्र मोची ने राज्य सरकार की दो वर्ष की उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के एपीआरओ राजपाल लंबोरिया ने बताया कि जिला विकास पुस्तिका व प्रदर्शनी में राज्य सरकार के दो साल में किए गए विकास कार्यों तथा विभागों की उपलब्धियों को फ्लेक्स एवं स्टैंडीज के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिला विकास प्रदर्शनी का आमजन 18 दिसंबर तक कार्यालय समय सुबह साढ़े नौ बजे से शाम 6 बजे तक अवलोकन कर सकते हैं।
