
जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में चल रहे खेल महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार को भी विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं। विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चम्मच रेस, किक बॉल, फोर स्क्वायर सहित अन्य रोचक एवं प्रतिस्पर्धात्मक खेलों का आयोजन हुआ। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ करते हुए शिक्षाविद् भगवानदास गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक, मानसिक और नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
खेलों के माध्यम से अनुशासन, सहनशीलता, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है, जो जीवन में सफलता के लिए आवश्यक है। शिक्षा समिति निदेशक तरुण विजय ने कहा कि आज के समय में विद्यार्थियों पर पढ़ाई के साथ-साथ प्रतियोगिता का भी दबाव रहता है। ऐसे में खेल मानसिक तनाव को कम करने का सशक्त माध्यम हैं।
नियमित खेल गतिविधियों से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। इस मौके पर चेयरमैन आशीष विजय, वाइस चेयरमैन रौनक विजय, प्रशासक परमानंद सैनी, प्रिंसिपल डॉ. विशाल पारीक, उपप्राचार्य डॉ. मनोज शर्मा, बीएड प्राचार्य डॉ. संतोष महला मौजूद रहे।
