
उदयपुर जिले के 37 युवा अंतर जिला युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत हनुमानगढ़ पहुंचे हैं। ये युवा पांच दिवसीय भ्रमण के दौरान जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेंगे और स्थानीय संस्कृति को समझेंगे। यह कार्यक्रम माय भारत केंद्र, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

युवा भ्रमण के दौरान जिले के ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का अवलोकन करेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक गणेशराज बंसल ने किया। आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थराज शर्मा ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस अवसर पर जिला साइकलिंग संघ के अध्यक्ष मदनलाल सुथार और प्रिंसिपल दुर्गादत्त सैनी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उद्घाटन सत्र में आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र नीमीवाल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
जिला युवा अधिकारी रीना केसरिया ने बताया कि यह पांच दिवसीय कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास और सांस्कृतिक समझ को बढ़ावा देने के लिए एक मंच प्रदान करता है। कार्यक्रम के तहत उदयपुर के युवाओं को कालीबंगा, भद्रकाली, मसीता वाली हेड और सुखासिंह मेहताब सिंह गुरुद्वारा जैसे ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त, योग और अन्य विषयों पर विशेष सत्र भी आयोजित किए जाएंगे।
जिला युवा कार्यक्रम सलाहकार समिति के सदस्य दलीप वर्मा ने कहा कि यह कार्यक्रम युवाओं को विभिन्न जिलों की भाषा, रहन-सहन, खान-पान और संस्कृति को समझने का एक अनूठा अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्य मुकेश जाखड़, राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक विजय मोयल और रामकुमार स्वामी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
