
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) व बीकानेर रेंज प्रभारी बीजू जॉर्ज जोसफ ने कहा कि शांति व्यवस्था कायम रहे इसलिए असामाजिक तत्वों से सख्ती से निपटा जाए। यह निर्देश उन्होंने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक में मौजूद पुलिस अधिकारियों को दिए। किसान महापंचायत के मद्देनजर यहां पहुंचे एडीजी जोसफ ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। ऐसे में किसी को कानून व्यवस्था बिगाड़ने की इजाजत नहीं है। ऐसा करने वालों से पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
उन्होंने जिले की कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए बुधवार को जंक्शन धानमंडी में प्रस्तावित किसान महापंचायत में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, बीकानेर रेंज आईजी हेमंत शर्मा, एसपी हरी शंकर, एडीएम उम्मेदीलाल मीणा, एएसपी अरविंद बिश्नोई सहित प्रदेश के दूसरे जिलों से यहां ड्यूटी के लिए लगाए गए पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी एवं जिलेभर के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
