
वेतन विसंगति दूर करने की मांग को लेकर संयुक्त कर्मचारी महासंघ के बैनर तले कर्मचारी 26 दिसंबर को जयपुर में शहीद स्मारक पर धरना देंगे। इसमें जिले से भी कर्मचारी शामिल होंगे। यह निर्णय शुक्रवार को जिला अस्पताल में हुई आपातकालीन गेट मीटिंग में लिया गया।
संयुक्त महासंघ के जिला संयोजक राजेन्द्र स्वामी ने कहा कि सरकारी हमारी मांगों को नहीं मान रही। सरकार ने वेतन विसंगति को यह कहकर नकार दिया है कि यह सातवें वेतन आयोग में वेतन की विसंगति नहीं, सिर्फ मांग है। आठवें वेतन आयोग में सरकार की ओर से पेंशन शब्द नहीं लिख गया, न ही सामाजिक सुरक्षा की गारंटी दी गई है। सरकार पेंशन बंद करना चाहती है।
उन्होंने बताया कि संविदा-निविदा पर कार्यरत व वर्क चार्ज कर्मचारियों को स्थाई करने के लिए संयुक्त महासंघ के बैनर तले धरना दिया जाएगा, जिसमें सभी कर्मचारियों से पहुंचने का आह्वान किया जा रहा है। इसमें संविदा-निविदा पर कार्यरत कर्मचारी, लैब टैक्नीशियन, एएनएम, फार्मासिस्ट, नर्सिंग कर्मचारी आदि मौजूद थे।
