
सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय महावीर इंटरनेशनल हनुमानगढ़ द्वारा प्रसूता महिलाओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य एवं देखभाल को ध्यान में रखते हुए एक सराहनीय पहल की गई। संस्था के सदस्यों ने अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद प्रसूता महिलाओं को बेबी किट प्रदान की। इस पहल से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक व मानसिक संबल मिला, वहीं माताओं के चेहरे पर राहत और संतोष देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान वितरित की गई बेबी किट में नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ी आवश्यक सामग्री शामिल थी। इनमें शिशु के कपड़े, तौलिया, डायपर सहित अन्य उपयोगी वस्तुएं रखी गई थीं। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि बेबी किट का मुख्य उद्देश्य नवजात शिशु के स्वास्थ्य और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखना है, ताकि जन्म के बाद शुरुआती दिनों में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
महावीर इंटरनेशनल हनुमानगढ़ के अध्यक्ष गौरव जैन ने कहा कि संस्था निरंतर सेवा कार्यों के माध्यम से समाज के जरूरतमंद वर्गों तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रही है। मातृत्व और शिशु स्वास्थ्य समाज की मजबूत नींव है और ऐसे सेवा कार्य सामाजिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देते हैं।
कार्यक्रम में पीएमओ डॉ.शंकर सोनी, सचिव दीपक गोयल, सक्रिय सदस्य राजेन्द्र बैद, वीरा सेंटर अध्यक्ष कंचन गुप्ता, संतोष बांठिया, प्रेक्षा, कोमल, रितिका और अविशी आदि मौजूद थी।
