
सेवानिवृत्त राजपत्रित अधिकारी कल्याण समिति द्वारा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय दौलतपुरा में जूते-जुराबें वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्य की अनुशंसा पर चयनित विद्यार्थियों को जूते एवं जुराबें वितरित किए गए। कार्यक्रम में समिति अध्यक्ष हरपाल सिंह सिद्धू ने विद्यार्थियों को संस्कारवान बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों को अपने माता-पिता व गुरुजनों का सदैव आदर करने, उनकी आज्ञा का पालन करने तथा शिक्षा के प्रति जागरूक रहते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने के लिए प्रोत्साहित किया। सुरेंद्र शर्मा ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने एक विद्यार्थी द्वारा सुनाई गई कविता से प्रभावित होकर उसे पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अश्विनी शर्मा ने शिक्षकों को राष्ट्र निर्माता बताते हुए, शिक्षकों को अपने कार्य के प्रति पूर्ण समर्पण और सेवा भाव रखने पर बल दिया। सचिव डॉ. दौलत राम सैन ने विद्यार्थियों से सामान्य ज्ञान से जुड़े कुछ संक्षिप्त प्रश्न पूछे। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन देवेंद्र सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य गुरइकबाल सिंह, आरके चलाना, डॉ. दौलतराम सैन, इंजी. आरएस आहूजा, ग्रामीण मनफूल राम, अमरसिंह व सुभाष सोनी आदि मौजूद थे।
