
हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित बेबी हैप्पी मॉडर्न पीजी कॉलेज में चल रहे खेल महोत्सव का समापन शनिवार को हुआ। प्रतियोगिताओं में विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार व प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि शिक्षा समिति के प्रबंध निदेशक भगवानदास गुप्ता एवं मीना गुप्ता थे व अध्यक्षता वाइस चेयरमैन रौनक विजय ने की। भगवानदास गुप्ता ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से न केवल शारीरिक मजबूती आती है, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का भी विकास होता है।
उन्होंने कहा कि महाविद्यालय द्वारा खेल महोत्सव का नियमित आयोजन विद्यार्थियों में सकारात्मक प्रतिस्पर्धा और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देता है। प्राचार्य डॉ. विशाल पारीक ने कहा कि खेल महोत्सव के दौरान विद्यार्थियों में जो उत्साह और खेल भावना देखने को मिली वह प्रशंसनीय है। उपप्राचार्य मनोज शर्मा ने कहा कि खेल महोत्सव के आयोजन से विद्यार्थियों में आपसी सहयोग, अनुशासन और समय प्रबंधन की क्षमता का विकास होता है। इस मौके पर महाविद्यालय प्रशासक परमानंद सैनी, बीएड कॉलेज की प्राचार्या डॉ. संतोष चौधरी ने खेल का महत्व बताते हुए खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया।
पीलीबंगा| गांधी स्टेडियम में अंतरराज्यीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें पंजाब, हरियाणा व राजस्थान की कुल 20 टीमों ने भाग लिया। कड़े संघर्ष और शानदार खेल से प्रेमपुरा टीम ने विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया, जबकि निरवाना टीम उपविजेता रही। समापन समारोह में विजेता व उपविजेता टीम को नकद पुरस्कार, ट्रॉफी एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए विकास गोदारा को मैन ऑफ द सीरीज ट्रॉफी से नवाजा गया।
इस कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन मनप्रीत रुपाणा व नवदीप सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक विनोद गोठवाल, विशिष्ट अतिथि एडवोकेट करणीसिंह शेखावत थे। तेजी रुपाणा, विकास ओझा, निशांत गर्ग, विशु सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। विधायक विनोद गोठवाल ने अपने संबोधन में कहा कि खेल प्रतियोगिताएं युवाओं की प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कबड्डी खेल को प्रोत्साहित करने के लिए विधायक कोटे से मैट उपलब्ध कराने की घोषणा की तथा भविष्य में ऐसे आयोजनों को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। विशिष्ट अतिथि करणीसिंह शेखावत ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास ही नहीं, चरित्र निर्माण का भी माध्यम है।
