
महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) को कमजोर करने, महात्मा गांधी के नाम को हटाने तथा ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के कानूनी अधिकार को समाप्त करने के आरोप लगाते हुए जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से सोमवार को कलेक्ट्रेट के आगे प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई तथा प्रधानमंत्री का पुतला दहन जलाया गया।
कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति के नाम कलेक्टर ज्ञापन दिया। ज्ञापन में आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार व आरएसएस सुनियोजित तरीके से मनरेगा योजना को कमजोर कर रही । महात्मा गांधी का नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। गरीब और ग्रामीण श्रमिकों के संवैधानिक एवं कानूनी रोजगार अधिकार को समाप्त किया जा रहा है।
कलेक्ट्रेट के बाहर हुई सभा में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि मनरेगा योजना देश के करोड़ों गरीब, ग्रामीण मजदूरों, किसानों और वंचित वर्गों के लिए जीवनरेखा है। यह योजना केवल रोजगार की गारंटी नहीं देती, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने में भी अहम भूमिका निभाती है। केंद्र सरकार बजट में लगातार कटौती कर रही है। नियमों में बदलाव कर इस योजना की मूल भावना के साथ छेड़छाड़ किया जा रहा है। पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल ने कहा कि मनरेगा मजदूरों को सम्मानजनक रोजगार देने का कानून है, लेकिन भाजपा सरकार इसे योजना बनाकर मजदूरों के अधिकार छीनना चाहती है।
पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी ने कहा कि ईडी और अन्य संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग कर भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश का रही है। यह लोकतंत्र के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों और मजदूरों के मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए दमनकारी नीतियां अपना रही है, जिसे कांग्रेस कभी स्वीकार नहीं करेगी।
ज्ञापन में कांग्रेस ने मांग की कि मनरेगा योजना को यथावत रखा जाए और उसे और अधिक सुदृढ़ किया जाए। इसके लिए बजट में पर्याप्त वृद्धि की जाए, महात्मा गांधी के नाम को हटाने की किसी भी कोशिश को तुरंत रोका जाए, ग्रामीण मजदूरों के रोजगार के कानूनी अधिकार को पूर्ववत सुरक्षित रखा जाए। इस दौरान एआईसीसी व पीसीसी सदस्य, जिला पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, अग्रिम संगठनों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, यूथ कांग्रेस पदाधिकारी, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति प्रधान व सदस्य मौजूद रहे।
