
टाउन फतेहगढ़ मोड़ स्थित खंडा साहिब चौक पर बाबा बंदा सिंह बहादुर स्मारक पर शहीदी सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम हुए। इस दौरान प्रतिदिन श्रद्धालु श्रद्धा भाव से स्मारक परिसर पहुंच रहे हैं और कार्यक्रमों में सहभागिता निभा रहे हैं। बाबा बंदा सिंह बहादुर सेवा समिति सेवादार कुलविंदर सिंह ने बताया कि यह शहीदी सप्ताह 21 से 27 दिसंबर तक प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 8:30 बजे तक आयोजित किया जा रहा है।
यह आयोजन सरबंसदानी दशमेश पिता साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी, माता गुजर कौर जी एवं चार साहिबजादों की महान शहादत को समर्पित है, जिनके बलिदान ने पूरे राष्ट्र को त्याग, साहस और धर्म की रक्षा का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि 25 एवं 26 दिसंबर को कथा गुरुवाणी का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें भाई गुरप्रीत सिंह द्वारा गुरुओं के जीवन, संघर्ष और शहादत से जुड़े प्रेरक प्रसंग सुनाए जा रहे हैं। शहीदी सप्ताह का समापन 27 दिसंबर को भव्य कीर्तन दरबार के साथ किया जाएगा।
