
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार को हनुमानगढ़ विधायक गणेशराज बंसल के खिलाफ मुख्य अभियंता कार्यालय में धरना दिया। कर्मचारियों ने विधायक पर मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी से दुर्व्यवहार करने और धमकाने का आरोप लगाया है।
कर्मचारियों के अनुसार विधायक बंसल ने 25 दिसंबर को दोपहर बाद मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी को फोन कर धमकाया था। इस घटना से विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में गहरा रोष है।
यह मामला लखूवाली हैड के पास विभाग की जमीन पर हुए अतिक्रमण से जुड़ा है। विभाग इस जमीन से अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई कर रहा है। आरोप है कि विधायक ने अतिक्रमण न हटाने के लिए मुख्य अभियंता पर अनावश्यक दबाव बनाया और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
धरने पर बैठे कर्मचारियों ने विधायक द्वारा किए गए व्यवहार के लिए उनसे माफी मांगने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार करेंगे।
इस संबंध में मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा गया है। ज्ञापन देने वालों में अतिरिक्त मुख्य अभियंता दिलीप जैन, सुनील गोयल, एसई शिवचरण रेगर, वीरेंद्र मीणा, धीरज चावला, निरंजन लाल मीणा, धर्मवीर भारद्वाज, एक्सईएन कृष्ण सांगवान सहित कई विभागीय अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
दूसरी ओर, मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी ने इस प्रकरण पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले के संबंध में उच्च अधिकारियों को अवगत करवा दिया गया है।
