
Follow us on
- Hindi News
- Sports
- Cricket
- AUS Vs ENG Ashes 4th Test 2025 Update; Josh Tongue | Mitchell Starc, Brydon Carse
ऑस्ट्रेलिया में 18 मैच बाद इंग्लैंड की जीत:एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में 4 विकेट से हराया, कंगारू टीम सीरीज में 3-1 से आगे
स्पोर्ट्स डेस्क17 घंटे पहले

जोश टंग ने इंग्लैंड की तरफ से पहली पारी में 5 और दूसरी पारी में 2 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
इंग्लैंड ने एशेज सीरीज के चौथे टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को 4 विकेट से हरा दिया। इसी के साथ इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया में 18 टेस्ट मैचों से चला आ रहा जीत का इंतजार खत्म किया। इससे पहले इंग्लैंड को ऑस्ट्रेलिया में आखिरी टेस्ट जीत 2011 में सिडनी (SCG) में मिली थी।
इसके बाद खेले गए 18 टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया ने 16 मैच जीते, जबकि 2 मुकाबले ड्रॉ रहे। इंग्लैंड का यह बिना जीत का दौर 2013-14 की एशेज सीरीज में 5-0 से हार के बाद शुरू हुआ था।
मैच के दूसरे दिन शनिवार को ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को जीत के लिए 175 रन का टारगेट दिया था, जिसे इंग्लिश टीम ने 6 विकेट खोकर हासिल कर लिया। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया दूसरी पारी में 132 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया पहली पारी में 152 रन पर सिमट गई थी, जबकि इंग्लैंड पहली पारी में 110 रन ही बना सका था।
इस तरह ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 42 रन की बढ़त मिली थी, लेकिन दूसरी पारी में इंग्लैंड ने शानदार वापसी करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। मैच में कुल 7 विकेट लेने वाले इंग्लिश पेसर जोश टंग को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।बेथेल ने 40 रन बनाए

175 रन के टारगेट का पीछा करते हुए इंग्लैंड को दूसरी पारी में अच्छी शुरुआत मिली। टीम को पहला झटका 51 रन पर लगा। मिचेल स्टार्क ने बेन डकेट को क्लीन बोल्ड किया। वे 26 गेंद पर 34 रन बनाए। ब्राइडन छह रन बनाकर जे रिचर्डसन का शिकार बने। इसके बाद जैक क्रॉली ने जैकब बेथेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 47 रन की साझेदारी निभाई और इंग्लैंड की स्थिति मजबूत की। क्रॉली 48 गेंद में 37 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, रूट और बेथेल के बीच 25 रन की साझेदारी हुई। बेथेल 40 रन बनाकर आउट हुए। रूट 15 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, कप्तान बेन स्टोक्स दो रन बना सके। हैरी ब्रूक 18 रन और जेमी स्मिथ तीन रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार्क, रिचर्डसन और बोलैंड ने 2-2 विकेट लिए।
हेड ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए

इससे पहले, दूसरी पारी में ऑस्ट्रेलिया के लिए ट्रैविस हेड ने सबसे ज्यादा 46 रन बनाए। कप्तान स्टीव स्मिथ 24 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि कैमरन ग्रीन ने 19 रन जोड़े। टीम के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाए, जिनमें तीन खिलाड़ी शून्य पर आउट हुए। इंग्लैंड की ओर से ब्रायडन कार्स ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। बेन स्टोक्स ने 3 और जोश टंग ने 2 विकेट लिए। गस एटकिंसन को 1 विकेट मिला।
एटकिंसन के हैमस्ट्रिंग में खिंचाव बॉक्सिंग डे टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के तेज गेंदबाज गस एटकिंसन चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। दूसरे दिन पहले सेशन के दौरान उनके बाएं हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। सुबह एटकिंसन ने नाइटवॉचमैन स्कॉट बोलैंड का विकेट लिया, लेकिन अपने पांचवें ओवर की आखिरी गेंद डालते समय उन्हें परेशानी महसूस हुई। गेंद डालने के बाद उन्होंने तुरंत अपनी बाईं जांघ पकड़ ली और इलाज के लिए ड्रेसिंग रूम चले गए।
उनकी जगह सब्स्टीट्यूट फील्डर ओली पोप को मैदान में उतारा गया। लंच के बाद एटकिंसन दोबारा मैदान पर नहीं लौटे। एटकिंसन ने इस टेस्ट के पहले दिन 14 ओवर में 28 रन देकर 2 विकेट लिए थे।
पहले दिन 20 विकेट गिरे

टंग ने स्मिथ को किया बोल्ड जोश टंग की गेंद पर स्टीव स्मिथ क्लीन बोल्ड हो गए। गेंद सीधे मिडिल स्टंप पर लगी। इस तरह स्मिथ 31 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए और खुद भी इस आउट से हैरान नजर आए।

आउट होकर पवेलियन लौटते स्टीव स्मिथ।
इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब इंग्लैंड की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया से भी खराब रही। टीम के 16 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गिर चुके थे। जैक क्रॉली 5 रन, बेन डकेट 2 रन और जैकब बेथेल सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। जो रूट तो खाता भी नहीं खोल सके। मिचेल स्टार्क ने क्रॉली-डकेट और नेसर ने बेथेल-रूट के विकेट झटके। इसके बाद हैरी ब्रूक और बेन स्टोक्स ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी की। इसके बाद ब्रूक अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने मात्र 34 गेंदों में दो चौके और दो छक्के लगाते हुए 41 रन बनाए।
ब्रूक के आउट होने के बाद विकेट का सिलसिला फिर शुरू हो गया, जेमी स्मिथ 2 रन और विल जैक्स 5 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए और 110 के स्कोर पर पूरी टीम सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से माइकल नेसर ने 4, स्कॉट बोलैंड ने 3 और मिचेल स्टार्क ने 2 विकेट लिए। कैमरन ग्रीन को 1 विकेट मिला।
एशेज सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने जीती ऑस्ट्रेलिया एशेज सीरीज पहले ही जीत चुका है। पांच मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती तीनों टेस्ट जीते हैं और 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है।
कमिंस और लायन सीरीज से बाहर ऑस्ट्रेलिया के नियमित कप्तान पैट कमिंस तीसरा टेस्ट खेलने के बाद चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए। उनकी जगह स्टीव स्मिथ टीम की कप्तानी कर रहे हैं। वहीं अनुभवी स्पिनर नाथन लायन भी चोट के चलते बाहर हैं और उनकी सर्जरी हो चुकी है।
क्या होता है बॉक्सिंग-डे टेस्ट बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच क्रिकेट इतिहास में कुछ टीमों की परंपरा रही है। इसका बॉक्सिंग या मुक्केबाजी से कोई लेना-देना नहीं है। क्रिसमस के अगले दिन यानी 26 दिसंबर को लोग एक दूसरे को डब्बों (बॉक्स) में गिफ्ट लेकर भेंट करते हैं। इसीलिए इस दिन को बॉक्सिंग-डे कहा जाता है और इस दिन होने वाले मैच को बॉक्सिंग-डे टेस्ट मैच कहा जाता है।
दोनों टीमों की प्लेइंग-11 ऑस्ट्रेलिया: ट्रैविस हेड, जैक वेदराल्ड, मार्नस लाबुशेन, स्टीव स्मिथ (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, माइकल नेसर, मिचेल स्टार्क, झाय रिचर्डसन, स्कॉट बोलैंड।
इंग्लैंड: जैक क्रॉली, बेन डकेट, जैकब बेथेल, जो रूट, हैरी ब्रूक, बेन स्टोक्स (कप्तान), जेमी स्मिथ (विकेटकीपर), विल जैक्स, गस एटकिंसन, ब्रायडन कार्स, जोश टंग।
