
कुम्हार महासभा संस्था के तत्वावधान में रविवार को पहला प्रतिभा व नागरिक वरिष्ठजन सम्मान समारोह तहसील अध्यक्ष जग्गा सिंह जाखड़ की अध्यक्षता में हुआ। मुख्य अतिथि राष्ट्रीय कुम्हार महासभा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष मंगलाव व विशिष्ट अतिथि नोहर सीबीईओ भगवती वर्मा थे। शुभारंभ मां सरस्वती, श्री गणेश व दक्ष प्रजापति महाराज की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया।
समारोह में प्रदेशाध्यक्ष ने कहा समाज में जुड़ा रहना एक पूंजी है। भूमि विकास बैंक के सचिव सोहनलाल निमीवाल ने कहा कि संस्था का गठन 2008 में हुआ था। हमारा समाज हर क्षेत्र में अग्रणी है, जिससे गौरवान्वित महसूस करते हैं। संस्था के गठन के प्रथम अध्यक्ष जयकिशन वर्मा ने कहा कि एकजुटता से समाज आगे बढ़ेगा।
डॉ. जयप्रकाश सुथोड़ ने कहा कि प्रतिभाओं को अपना लक्ष्य तय करना चाहिए व शिक्षा के साथ समाज निर्माण के लिए संस्कार जरूरी है। असफलता आगे बढ़ने को बल देती है। टोपरियां प्रधानाचार्य निशा चंद्रा ने कहा कि आज का दिन समाज की प्रतिभाओं के लिए विशेष रहेगा, जिससे हमें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
वक्ता वीरेंद्र छापोला ने कहा कि बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाना अभिभावकों के लिए जिंदगी का इनसमेंट हैं। डॉ. रामस्वरूप कारगवाल ने समाज हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाए उसके लिए संगठित होकर चलना है। जिला मंत्री नंदलाल वर्मा ने कहा कि शिक्षा के साथ हमें मौलिक अधिकारों को भी याद रखना है। समारोह में समाज की बेटियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम व अजय वर्मा द्वारा योगासन गीत की धुन पर प्रस्तुत किया। अध्यक्ष जग्गा सिंह ने आभार जताया। मंच संचालन प्रधानाचार्य सुनील नोखवाल व अशोक सुथोड़ ने किया।
समारोह में वर्ष 2025-26 बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ अंक प्राप्त 300 विद्यार्थियों, दो साल में सरकारी नौकरी में चयनित, खेल-शिक्षा, सोशल मीडिया पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिमाओं, पत्रकारों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। डॉ.जय प्रकाश सुथोड़, डॉ. रामस्वरूप कारगवाल ने कुम्हार समाज की धर्मशाला के लिए भूमि खरीद के लिए 15-15 लाख रुपए व अध्यक्ष जग्गा सिंह जाखड़ ने धर्मशाला में हॉल निर्माण के लिए 15 लाख रुपए देने की घोषणा की।
समारोह में काफी संख्या में समाजबंधु पहुंचे। डॉ. रामस्वरूप कारगवाल ने आगे बोर्ड परीक्षा में अव्वल आने वाली प्रतिमाओं व भामाशाहों को अपनी तरफ से सम्मानित करने की घोषणा की। इसके अलावा 30 दानदाताओं ने धर्मशाला में एक-एक कक्ष बनवाने व संसाधन उपलब्ध करवाने की घोषणा की।
