
स्थानीय अनाज मंडी परिसर स्थित श्री सिद्ध हनुमान मंदिर में 39वां धर्मोत्सव 23 से 31 जनवरी तक श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित होगा। मंदिर संचालक रामगोपाल पांडूसरिया ने बताया कि नौ दिवसीय महोत्सव में रुद्राभिषेक, संगीतमय सुंदरकांड, श्रीमद् भागवत कथा, यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव की शुरुआत 23 जनवरी को होगी। प्रतिदिन सुबह रुद्राभिषेक, सुंदरकांड व रामायण पाठ होगा, जबकि शाम को आरती के बाद श्रद्धालुओं को अल्पाहार वितरित किया जाएगा। दोपहर 3 से शाम 6:30 बजे तक प्रसिद्ध कथा व्यास सत्यपाल पारासर द्वारा श्रीमद् भागवत कथा का वाचन किया जाएगा। रोजाना सुबह 10:15 बजे पांच कुंडीय यज्ञ व 11:15 बजे विशाल भंडारा होगा। महोत्सव की पूर्णाहुति 31 जनवरी को होगी। मुख्य यजमान इंजीनियर बंशीधर जिंदल होंगे।
