
जंक्शन स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में बुधवार को पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने वर्ष 2026 के कैलेंडर का विमोचन किया। इस अवसर पर एसपी ने दैनिक भास्कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का अवलोकन किया और समाचार संकलन से लेकर प्रकाशन तक की प्रक्रिया की जानकारी ली।
कैलेंडर विमोचन के बाद एसपी हरिशंकर ने कार्यालय में उपस्थित संपादकीय टीम और रिपोर्टरों से संवाद किया। उन्होंने जिले में घटित होने वाली प्रमुख घटनाओं, कानून-व्यवस्था से जुड़े समाचारों तथा जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग को लेकर पत्रकारों से चर्चा की। एसपी ने कहा कि दैनिक भास्कर निष्पक्ष, तथ्यपरक और जिम्मेदार पत्रकारिता समाज को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने मीडिया और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर भी जोर दिया तथा कहा कि दोनों संस्थानों का उद्देश्य आमजन तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाना है। एसपी ने दैनिक भास्कर की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्रीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में अखबार की भूमिका काफी सराहनीय रही है।
इस दौरान दैनिक भास्कर के वरिष्ठ पत्रकारों ने एसपी को कार्यालय की डिजिटल और प्रिंट दोनों व्यवस्थाओं से अवगत कराया। इस मौके पर ब्यूरो चीफ श्याम मिश्रा, यूनिट हेड जसवंत सहारण सहित स्टाफ सदस्य मौजूद थे।
