
हनुमानगढ़ शहरवासियों को बहुप्रतीक्षित टाउन हॉल का लोकार्पण नए वर्ष में होगा। 45 करोड़ की लागत वाले टाउन हॉल में इलेक्ट्रिकल, साउंड सिस्टम और इंटीरियर जैसे जरूरी काम प्रगति पर हैं। टाउन हॉल पूर्णतया एसी और आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। सीएम ने राज्य बजट में हनुमानगढ़ शहर में टाउन हॉल निर्माण कराने की घोषणा की थी।
डिस्ट्रिक्ट पार्क के पीछे मल्टीपर्पज भूमि पर 1.86 हेक्टर जमीन पर बनाए गए टाउन हॉल में 4 कॉन्फ्रेंस हॉल, 11 टन के 8 एयरकंडीशनर, कैफे, वाटर बॉडीज, पार्क, टॉयलेट सहित आधुनिक सुविधाएं होंगी। ग्राउंड फ्लोर व बेसमेंट में पार्किंग बनाई गई है। टाउन हॉल का निर्माण कार्य मार्च 2023 में शुरू हुआ था। राज्य सरकार ने इस प्रोजेक्ट के लिए 12.50 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की थी, जबकि शेष राशि नगर परिषद को अपने स्तर पर वहन करनी थी। लागत बढ़ने के बाद नगर परिषद ने बैंक से 15 करोड़ रुपए लोन लिया था। आयुक्त सुरेंद्र यादव का कहना है कि वर्ष 2023 में आमजन को यह सौगात दी जाएगी। फायदा- हो सकेंगे बड़े आयोजन, सुविधा: खास बात है कि भूमिगत पार्किंग वाली शहर की पहली सरकारी बिल्डिंग होगी जहां 1 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। इससे सांस्कृतिक कार्यक्रमों को बढ़ावा मिलेगा। इसमें ऑडिटोरियम, ग्रीन रूम, मल्टीपर्पज हॉल, कॉन्फ्रेंस रूम, डिजिटल साउंड सिस्टम, फुल एसी हॉल और पार्किंग की सुविधा भी होगी।
