
श्रीगंगानगर की नन्ही ‘गोल्डन गर्ल’ 5 वर्षीय गर्विता बगड़िया ने महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर में आयोजित 45वीं ऑल इंडिया रोलर रिले स्केटिंग चैंपियनशिप में तीन स्वर्ण पदक जीतकर जिले व राज्य का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर जिला कलेक्टर डॉ. मंजू ने गर्विता को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
धूम स्केटिंग क्लब के कोच अनिल सोनी ने बताया कि गर्विता ने महज 3 साल की उम्र में स्केटिंग शुरू की थी। प्रतियोगिता में लड़कियों की कमी के कारण उसे लड़कों के साथ रेस में उतारा गया, जिसमें उसने शानदार प्रदर्शन कर तीनों स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
इस जीत के साथ ही गर्विता का चयन अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। वह रोजाना 7-8 घंटे अभ्यास कर रही है। उसके माता-पिता व कोच ने स्केटिंग रिंक निर्माण के लिए प्रशासन और भामाशाहों से सहयोग की अपील की।
