
पाकिस्तानी तस्करों की ओर से लगातार इंटरनेशनल बॉर्डर पर राजस्थान में ड्रग्स भेजी जा रही है। श्रीगंगानगर में नए साल (1 जनवरी) की रात ड्रोन के जरिए 20 करोड़ की हेरोइन भेजी गई। ड्रग्स को गिराते समय ड्रोन क्रैश हो गया। 4.88 किलो हेरोइन और ड्रोन को ले जा रहे तीन तस्करों को रावला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
श्रीगंगानगर एसपी ड़ॉ. अमृता दुहन ने शुक्रवार को घड़साना पुलिस थाने में हेरोइन तस्करी का खुलासा किया है।
एसपी ने बताया- हेरोइन की खेप सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई थी। जिस स्थान पर हेरोइन गिराई गई, वहीं ड्रोन भी क्रैश हो गया था।
रावला थाना पुलिस 1 जनवरी की रात को पुलिस टीम गश्त पर थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र के 15 KND पुलिया के पास नहर किनारे तीन युवक संदिग्ध हालत में दिखाई दिए। उनके पास एक प्लास्टिक का कट्टा था। पुलिस वाहन को देखकर तीनों भागने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।

श्रीगंगानगर एसपी ड़ॉ. अमृता दुहन ने घड़साना पुलिस थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हेरोइन तस्करी का खुलासा किया है।
तस्करों की तलाशी में निकली हेरोइन और ड्रोन
रावला थाना प्रभारी बलवंत कुमार ने बताया- पूछताछ के दौरान तीन युवक काफी डरे हुए लग रहे थे। तलाशी में 4 किलो 88 ग्राम हेरोइन और एक ड्रोन बरामद हुआ। कार्रवाई करते हुए जगनदीप सिंह उर्फ लब्बू सिंह (26), निवासी चक 10 K (अनूपगढ़), नीटू सिंह उर्फ रवनीत सिंह (21), निवासी डबली राठान (हनुमानगढ़), सतपाल सिंह (27), निवासी चक 04 एसटीआर (घड़साना) को गिरफ्तार किया गया।
बीएसएफ के सहयोग से आसपास के खेतों, रास्तों और संभावित ठिकानों पर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस टीम को आरोपियों के पास से ड्रोन भी मिला है।
तीन पैकेट में 4.88 किलो हेरोइन मिली
पुलिस के अनुसार, जगनदीप सिंह के पास से 1019 ग्राम, नीटू सिंह के पास से 2048 ग्राम, सतपाल सिंह के पास से 1021 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। वहीं सतपाल के प्लास्टिक बैग से DJI ड्रोन मिला, जिसका उपयोग पाकिस्तान से हेरोइन मंगाने में किया गया था।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है, जिससे तस्करी नेटवर्क और सीमा पार संपर्कों को लेकर बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन की बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। सीमा क्षेत्र में ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए निगरानी और सख्त कर दी गई है।
