
जंक्शन स्थित दुर्गा मंदिर धर्मशाला में आयोजित 10 दिवसीय निशुल्क अंतरंग आयुर्वेद क्षार सूत्र शल्य चिकित्सा शिविर में जिले भर से आए मरीज लाभान्वित हो रहे हैं। शनिवार को विधायक गणेशराज बंसल ने शिविर का अवलोकन किया और मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। इस दौरान विधायक ने मरीजों को फल वितरित किए।
आयुर्वेद विभाग के उपनिदेशक डॉ. तीर्थ शर्मा ने बताया कि यह शिविर 7 जनवरी तक निरंतर चलेगा। शिविर के प्रति लोगों का रुझान लगातार बढ़ रहा है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। शिविर में आयुर्वेद विद कर्म एवं अग्नि कर्म चिकित्सा के विशेषज्ञ डॉ. बलदेव एवं डॉ. राजन सेतिया द्वारा अब तक लगभग 20 मरीजों को लाभ पहुंचाया गया है। शल्य कर्म चिकित्सा के अंतर्गत अर्श (बवासीर) एवं भगंदर जैसे रोगों का उपचार डॉ. पंकज पोटलिया एवं डॉ. हरवीर सिंह द्वारा क्षार सूत्र पद्धति से किया जा रहा है, जिससे मरीजों को सर्जरी के बिना राहत मिल रही है।
कमर दर्द, सियाटिका, घुटनों सहित जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों का उपचार पंचकर्म पद्धति से डॉ. सत्यप्रकाश एवं डॉ. मनोहर स्वामी द्वारा किया जा रहा है। वहीं प्राकृतिक एवं योग चिकित्सा के माध्यम से डॉ. कुलदीप मरीजों को नियमित दिनचर्या, संतुलित आहार, प्राकृतिक पेय एवं योग अपनाने के लिए जागरूक कर रहे हैं। स्त्री रोग से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु डॉ. पलक बेदी एवं डॉ. दीप्ति सिंघल अपनी सेवाएं प्रदान कर रही हैं।
