
टाउन स्थित कृषि विभाग के एडप्टिव ट्रायल सेंटर( एटीसी) में पंच गौरव कार्यक्रम के तहत कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। पंच गौरव कार्यक्रम तहत एक जिला एक उपज के रूप में किन्नू बागवानी का चयन किया गया है। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार उद्यान विभाग द्वारा एटीसी हनुमानगढ़ पर रावतसर ब्लॉक के बागवानी करने वाले एवं बागवानी करने के इच्छुक कृषकों को किन्नू उत्पादन तकनीक की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में डॉ. चंद्रभान, एसोसिएट प्रोफेसर कृषि महाविद्यालय, डॉ. शीशराम ढिकवाल, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. राधेश्याम सिहाग व सेवानिवृत उपनिदेशक कृषि जयनारायण बेनीवाल ने बाग लगाने से पूर्व मिट्टी व पानी जांच, नर्सरी मैनेजमेंट, किन्नू उत्पादन तकनीक, बागों में कीट एवं रोग प्रबंधन तथा प्रोसेसिंग एवं मार्केटिंग के बारे में कृषकों को विस्तार से जानकारी दी। सहायक निदेशक उद्यान साहबराम गोदारा ने कृषकों को उद्यान विभाग की योजनाओं यथा नए फल बगीचे स्थापना, सूक्ष्म सिंचाई योजना, पीएम कुसुम योजना अंतर्गत सौर ऊर्जा स्थापना आदि की विस्तृत जानकारी दी। उपनिदेशक उद्यान डॉ. रमेशचंद्र बराला ने प्रशिक्षण के महत्व एवं उपयोगिता की जानकारी देते हुए उद्यानिकी कृषकों को पोस्ट हार्वेस्ट मैनेजमेंट के लिए फार्म गेट पैक हाउस, इंटीग्रेटेड पैक हाउस, कोल्ड स्टोरेज, कोल्ड चैन, सैकंडरी प्रोसेसिंग यूनिट इत्यादि अनुदानित गतिविधियों के माध्यम से प्रति इकाई क्षेत्र से प्रति इकाई समय में अधिक शुद्ध लाभ अर्जित करने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण में सहायक कृषि अधिकारी उद्यान कृष्णचंद्र कड़वासरा, कृषि पर्यवेक्षक उद्यान सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।
