
भारतीय जनता पार्टी देहात मंडल हनुमानगढ़ टाउन की ओर से अध्यक्ष जसपाल सिंह के नेतृत्व में एसएसडब्ल्यू माइनर के पुनर्निर्माण कार्य में पाई जा रही खामियों को लेकर जल संसाधन खंड द्वितीय हनुमानगढ़ के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में नहर के डिज़ाइन, लेवल एवं पुलों के निर्माण को लेकर गंभीर आपत्तियां दर्ज कराते हुए शीघ्र सुधार की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि राजस्थान सरकार द्वारा एसएसडब्ल्यू माइनर का पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जो वर्तमान में जयपुर मेगा हाईवे को क्रॉस कर चुका है। मेगा हाईवे पुल पार करते ही विभाग द्वारा नहर की सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग में 25 सीएम की फाल दी जा रही है, जिससे नहर का लेवल लगभग 10 इंच नीचे चला गया है। जबकि 23 एसएसडब्ल्यू, 25 एसएसडब्ल्यू एवं टेल क्षेत्र की भूमि पहले से ही नहर के लेवल से ऊंची है और किसान वर्तमान में बरमों के माध्यम से सिंचाई कर रहे हैं। यदि यहां 25 एमएम की फाल दी जाती है तो नहर और नीचे चली जाएगी, जिससे किसानों को पानी लगाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
भाजपा देहात मंडल अध्यक्ष जसपाल सिंह ने मांग की कि जयपुर मेगा हाईवे पुल के बाद दी जा रही 25 सीएम की फाल को हटाकर नहर का लेवल ऊंचा रखा जाए। साथ ही 19 एसएसडब्ल्यू, 26 एसएसडब्ल्यू, 30 एसएसडब्ल्यू, 34 एसएसडब्ल्यू, 36 एसएसडब्ल्यू, 37 एसएसडब्ल्यू एवं 42 एसएसडब्ल्यू पर बने पुलों के डिज़ाइन को भी गलत बताया गया। ज्ञापन में कहा गया कि ये सभी पुल नहर की लाइनिंग से नीचे बने हुए हैं, जिससे बरसात के समय कचरा और केली फंसने की स्थिति में नहर के टूटने का खतरा बना रहता है। अतः सभी पुलों का नहर की ऊंचाई के अनुरूप पुनर्निर्माण करवाया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा नहर पर बने गऊ घाटों को लेकर भी आपत्ति जताई गई। बताया गया कि गऊ घाटों की अंदरूनी दीवारें नहर के बीच में आ रही हैं, जिससे पानी के बहाव में बाधा उत्पन्न होती है। इससे न केवल काश्तकारों को परेशानी हो रही है, बल्कि पशुओं के पानी पीने में भी दिक्कत आती है। भाजपा नेताओं ने मांग की कि गऊ घाटों की अंदरूनी दीवारों को नहर की लाइनिंग के बराबर किया जाए।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि 26 एसएसडब्ल्यू से लेकर 42 एसएसडब्ल्यू तक नहर के डिज़ाइन एवं लेवल में भारी खामियां हैं। इसके कारण नहर में पानी की गति अत्यधिक तेज हो जाती है और मोघों पर दबाव कम पड़ता है, जिससे किसानों को उनके हक का पूरा पानी नहीं मिल पा रहा है। भाजपा देहात मंडल ने चेतावनी दी कि यदि इन खामियों को समय रहते दूर नहीं किया गया तो भविष्य में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।
अंत में अधिशासी अभियंता से आग्रह किया गया कि नहर के डिज़ाइन एवं लेवल को लेकर किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए और दिनांक 05/01/2025 से पूर्व सभी तकनीकी त्रुटियों को दुरुस्त कर किसानों को राहत प्रदान की जाए। ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सरपंच दयाराम गोदारा, मण्डल अध्यक्ष जसपाल सिंह, डायरेक्टर घेरूराम गोदारा, सुदर्शन सिंह सहजीपुरा, महावीर खिलेरी, इकबाल सिंह, सुभाष पूनिया, गुरचरण सिंह सहजीपुरा, हाकम सिंह व अन्य एसएसडब्लयु के काश्तकार सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं किसान प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
