
हनुमानगढ़ जंक्शन की दुर्गा कॉलोनी में सोमवार को नाली में मानव भ्रूण मिला। जिला मुख्यालय पर 17 दिनों में इस तरह का यह दूसरा मामला सामने आया है, जिससे लोगों में चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि नाली की सफाई कर नगर परिषद कर्मचारी तो वहां चला गया लेकिन उसे भ्रूण का पता नहीं चला। तभी वहां से निकल रही एक महिला ने नाली से निकाले गए कचरे के बीच भ्रूण देखा तो पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि को सूचना दी। इसके बाद जंक्शन थाना को सूचना दी तो एसआई गजेन्द्र शर्मा व एएसआई निक्कूराम टीमौके पर पहुंचे और भ्रूण को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया। पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि ने बताया कि नगर परिषद का सफाई कर्मचारी रवि रोजाना की तरह वार्ड 18 दुर्गा कॉलोनी में नेहरू समिति स्कूल के पास नाली की सफाई कर रहा था।
सफाई कर्मचारी नाली की सफाई करने के बाद चला गया। तभी वहां से जा रही मोहल्ले की एक महिला ने नाली में से निकाले गए कचरे में एक भ्रूण देखा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे तो प्रथम दृष्टया भ्रूण करीब तीन-चार माह का प्रतीत हुआ। हालांकि यह एसएफएल रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कि भ्रूण लड़की का है या लड़के का। पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है। इनसाइड- 18 दिसंबर को टाउन में भी नाले में ही मिला था भ्रूण, फेंकने वाले का सुराग नहीं: यह पहला मामला नहीं है। 18 दिसंबर 2025 को टाउन की अंबेडकर कॉलोनी में भी नाले में एक शिशु भ्रूण मिला था।
पुलिस ने इस संबंध में शेर सिंह पुत्र महेंद्र सिंह जटसिख लोहिया कॉलोनी टाउन की सूचना पर दी थी सुबह करीब 9 बजे उसे नगरपरिषद कर्मी से सूचना मिली कि अश्विनी स्कूल के पीछे मोटर पंप के पास नाले में एक नवजात शिशु का शव आया है। सूचना पर मौके पर देखा तो करीब 5 माह का नर शिशु भ्रूण था। उस मामले में भी भ्रूण नाले में फेंकने वाले का सुराग नहीं लग पाया है। आशंका है कि लोकलाज के भय से पैदाइश छिपाने के इरादे से अवैध तरीके से गर्भपात कराकर भ्रूण नाले में फेंके जा रहे हैं। पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है।
