
श्रीगंगानगर जिले की सादुलशहर थाना पुलिस और बीकानेर रेंज स्पेशल टीम ने बुधवार देर रात को कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब पकड़ी है। यह शराब भारत पेट्रोलियम के डीजल टैंकर में छिपाकर पंजाब से राजस्थान होते हुए गुजरात लेकर जाई जा रही थी, जो पंजाब-राजस्थान बॉर्डर पर पतली चेक पोस्ट पर पकड़ी गई।
टैंकर से शराब की 322 पेटियां मिलीं है, जिनकी मार्केट वैल्यू 40 लाख रुपए से ज्यादा आंकी गई है। पुलिस ने टैंकर ड्राइवर को गिरफ्तार कर टैंकर जब्त कर लिया है।

पकड़ी गई अवैध अंग्रेजी शराब की बाजार में कीमत 40 लाख रुपए से ज्यादा है।
टैंकर रोका तो खुला राज
सादुलशहर थानाधिकारी मलकीत सिंह ने बताया कि पिछले कई दिनों से पुलिस को खुफिया सूचना मिल रही थी कि पंजाब से गुजरात की ओर बड़ी खेप में अंग्रेजी शराब की सप्लाई हो रही है। इस पर टीम अलर्ट हो गई और पंजाब-राजस्थान बॉर्डर के पतली चेक पोस्ट पर नाकाबंदी की गई।
बुधवार देर रात पंजाब की ओर से आते एक भारत पेट्रोलियम डीजल टैंकर को संदेह होने पर रोका गया। ड्राइवर से पूछताछ की तो वह घबरा गया और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। शक होने पर टैंकर की तलाशी ली गई तो डीजल की जगह भारी मात्रा में शराब की पेटियां भरी मिलीं।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जिससे पूछताछ की जा रही है।
रॉयल स्टैग व बियर सहित ब्रांडेड शराब बरामद
पुलिस ने टैंकर से कुल 322 पेटियां बरामद कीं। इनमें 252 पेटी रॉयल स्टैग व्हिस्की, 70 पेटी बियर और अन्य अंग्रेजी शराब शामिल है। पूरी खेप की बाजार कीमत 40 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुरेश (26) निवासी रामसरिया बायतु (बाड़मेर) के रूप में हुई है। वह टैंकर ड्राइवर था। पुलिस ने टैंकर को भी सीज कर लिया है। फिलहाल आरोपी से सख्ती से पूछताछ की जा रही है ताकि शराब सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
