
भारत विकास परिषद प्रताप शाखा श्रीगंगानगर की ओर से युवाओं में संस्कार, चरित्र निर्माण और राष्ट्रभावना जागृत करने के उद्देश्य से शुक्रवार को हनुमानगढ़ रोड स्थित अग्रवाल गर्ल्स कॉलेज में गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ परिषद पदाधिकारियों, सदस्यों, महाविद्यालय प्राचार्या एवं डायरेक्टर द्वारा मां सरस्वती व स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पुष्प अर्पण के साथ हुआ।
इसके बाद वंदेमातरम् का सामूहिक गायन किया गया। अध्यक्ष तरसेम तायल ने बताया कि कार्यक्रम में उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए राष्ट्रनिर्माण गुरुजन रोशनी देवी व सीताराम को कुमकुम तिलक कर शॉल ओढ़ाई गई, फूलमाला पहनाकर श्रीफल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं महाविद्यालय की मेधावी छात्राओं गरिमा नैण, अपूर्वा, काजल और रितु शर्मा का स्मृति चिन्ह देकर अभिनंदन किया गया। वरिष्ठ सदस्य शिवशंकर मित्तल ने भारत विकास परिषद के उद्देश्यों व समाजसेवी गतिविधियों की जानकारी दी। शोभा गौड़ ने गुरु वंदन–छात्र अभिनंदन कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। मंच संचालन सचिव रवि सोनी ने किया।
