
श्रीगंगानगर जिले में अवैध हथकड़ शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत शुक्रवार को अनूपगढ़ और श्री विजयनगर आबकारी विभाग ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर गांव 4 ए में संयुक्त कार्रवाई की गई।
इस दौरान 3250 लीटर लाहन नष्ट किया गया जबकि एक चालू भट्टी को भी मौके पर नष्ट किया। श्रीविजयनगर आबकारी निरीक्षक कीर्ति सोनी और अनूपगढ़ प्रहराधिकारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि मौके से करीब 7 लीटर हथकड़ शराब भी बरामद की गई और उपकरण भी जब्त किए हैं। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दो अलग-अलग मामले दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर शाम को अनूपगढ़ के गांव 4 ए में एक खंडहरनुमा बंद घर में आबकारी टीम ने दबिश दी।
दबिश के दौरान वहां 8 बड़े और 15 छोटे ड्रम लाहन से भरे हुए मिले। इन ड्रमों में करीब 2400 लीटर लाहन था। जिसे मौके पर ही टीम ने नष्ट करवाया और जब वहां सर्च अभियान चलाया गया तो जमीन में दबा हुआ करीब 850 लीटर लाहन और बरामद हुआ जिसे भी मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके अलावा इसी गांव में एक अन्य खुले स्थान पर हथकड़ शराब बनाने की चालू भट्टी मिली, जिसे मौके पर ही तोड़ा गया। यहां खाली बोतलें, बाल्टियां, जरीकेन, पॉलिथीन के पाउच और हथकड़ सहित शराब बनाने के अन्य उपकरण भी बरामद हुए।
