
पदमपुर रोड स्थित गुरुद्वारा धन धन बाबा दीप सिंह जी शहीद में श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहीदी शताब्दी को समर्पित महान कीर्तन दरबार आयोजित किया गया। इसमें गुरुद्वारा परिसर ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से गूंज उठा। मुख्य सेवादार तेजिंदर पाल सिंह टिम्मा ने बताया कि संगत ने ‘हिंद दी चादर’ गुरु तेग बहादुर साहिब की अद्वितीय कुर्बानी को स्मरण कर उनको नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे हुई।
इसके अंतर्गत श्री जपुजी साहिब, श्री चौपाई साहिब एवं श्री सुखमनी साहिब के पाठ किए गए। हजूरी रागी भाई दलीप सिंह धुरी व विश्व-प्रसिद्ध रागी भाई मनप्रीत सिंह कानपुरी ने शबद कीर्तन कर संगत को निहाल किया। हजारों की संख्या में उपस्थित संगत ने नतमस्तक होकर अरदास की। समागम के समापन पर गुरु का लंगर वितरित किया गया। भाई मनप्रीत सिंह कानपुरी को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।
