
श्रीगंगानगर आरबीएसई बोर्ड 10वीं व 12वीं की परीक्षाओं की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। विद्यार्थियों के तनाव को कम करने और परीक्षा परिणाम को बेहतर बनाने के लिए शिक्षा विभाग ने विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार प्रश्न बैंक जारी कर दिए हैं। जिले में पहली बार विशेष रूप से तैयार किया गया प्रश्न बैंक जारी किया गया है।
अब विद्यार्थियों को भारी-भरकम किताबों के बीच उलझने की जरूरत नहीं होगी, क्योंकि इस प्रश्न बैंक में सफलता का निचोड़ समाहित है। इस प्रश्न बैंक को कोई साधारण गाइड न समझें। पहली बार जिले के 35 दिग्गज विषय विशेषज्ञों ने दिन-रात की 15 दिनों की कड़ी मेहनत के बाद तैयार किया है। हर विषय के वही 150 से 200 प्रश्न चुने गए हैं जिनके परीक्षा में आने की संभावना सबसे ज्यादा है। यह प्रश्न बैंक न केवल परीक्षा के पैटर्न को समझने में मदद करेगा, बल्कि कम समय में प्रभावी रिवीजन का सबसे सशक्त माध्यम बनेगा।
इस कड़ी में सोमवार को सुबह इस प्रश्न बैंक का कलेक्टर डॉ. मंजू, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गिरजेशकांत शर्मा, सीबीईओ सुनील भाटिया व एसबीईओ फर्स्ट सुनील दामड़ी ने विमोचन किया। इस प्रश्न बैंक को संयुक्त निदेशक सुनीता चावला के निर्देशन में तैयार किया गया है। कलेक्टर ने कहा कि बोर्ड छात्रों के लिए प्रश्न बैंक बहुत सुविधाजनक होते हैं, क्योंकि ये परीक्षा पैटर्न समझने, महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास करने, समय प्रबंधन सीखने, कमजोर क्षेत्रों की पहचान करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करते हैं, जिससे समग्र तैयारी बेहतर होती है और वे परीक्षा के लिए अच्छी तरह से तैयार हो पाते हैं। बोर्ड परीक्षाओं के टाइम टेबल के अनुसार 10वीं की परीक्षा 12 से 28 फरवरी व 12वीं की परीक्षा 12 फरवरी से 10 मार्च तक होगी। जो 28 दिन तक चलेगी।
मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गिरजेशकांत शर्मा ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि जिले का हर बच्चा आत्मविश्वास के साथ परीक्षा हॉल में जाए। यह प्रश्न बैंक उनके अंतिम समय के रिवीजन के लिए रामबाण साबित होगा। सीबीईओ सुनील भाटिया ने बताया कि संस्था प्रधानों को भी पाबंद किया है। इससे कठिन विषयों की तैयारी करने में छात्रों को मदद मिलेगी। बोर्ड परीक्षाओं का रिजल्ट बेहतर रखने के लिए इस साल प्रश्न बैंक तैयार करवाया गया है। इस कड़ी में एसीबीईओ फर्स्ट सुनील दमड़ी ने बताया कि सभी ब्लॉक से दो-दो सर्वश्रेष्ठ पेपर मंगवाकर उनमें से बेहतरीन प्रश्नों का चयन किया गया है। इसकी पीडीएफ फाइल सीधे विद्यार्थियों के साथ शेयर की गई है, ताकि वे कहीं भी, कभी भी रिवीजन कर सकें। इस प्रश्न बैंक को डिजाइन करवाने में विभाग के प्रमोद कुमार ने सहयोग किया।
समय की बचत : अंतिम दिनों में पूरी किताब पढ़ने के बजाय केवल महत्वपूर्ण प्रश्नों पर फोकस। सटीक तैयारी : विषय विशेषज्ञों द्वारा चयनित प्रश्नों से परीक्षा के पैटर्न को समझना आसान। फ्री एक्सेस : पीडीएफ फॉर्मेट में होने के कारण यह हर विद्यार्थी तक आसानी से उपलब्ध है।
