
श्रीगंगानगर के एसडी गर्ल्स स्कूल में 12वीं क्लास की छात्रा की दूसरी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। परिजन उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 12वीं क्लास की छात्रा रमनदीप कौर (18) पुत्री विजयकुमार शुक्रवार को प्रैक्टिकल परीक्षा देकर लौट रही थी, तभी स्कूल की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे के वक्त उसकी मां और भाई साथ थे।

मां और भाई के साथ छात्रा रमनदीप (सफेद कोट पहने) स्कूल में प्रवेश करते हुए।
प्रैक्टिकल देने स्कूल आई थी कोतवाली थाना के कार्यवाहक थानाधिकारी रामेश्वरलाल बिश्नोई ने बताया- पुरानी आबादी टावर रोड के पास रहने वाली छात्रा रमनदीप शाम 4.15 बजे स्कूल की दूसरी मंजिल से गिर गई थी। रमनदीप की तबीयत खराब थी, लेकिन उसका बॉयोलॉजी का प्रैक्टिकल होने के कारण मां और भाई उसे लेकर स्कूल आए थे।
दोनों परीक्षा लैब के बाहर इंतजार कर रहे थे। प्रैक्टिकल देने के बाद जब वे रमनदीप को लेकर जा रहे थे, इसी दौरान रमनदीप दूसरी मंजिल से हॉल की तरफ गिर पड़ी।
परिजन और स्कूल स्टाफ छात्रा को गोदी में उठाकर लाए और स्कूल बस से उसे नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे जिला हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया, जहां इमरजेंसी में डॉक्टरों की टीम ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी में रखवाया गया है।

गंभीर हालत में छात्रा को स्कूल बस से हॉस्पिटल ले जाते हुए परिजन और स्टाफ।
थानाधिकारी बोले- जांच कर रहे हैं रामेश्वरलाल बिश्नोई ने बताया- हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे और फिर स्कूल जाकर घटनास्थल का जायजा लिया। सबूत जुटाए गए हैं। प्रथम दृष्टया हादसा माना जा रहा है, लेकिन संदिग्ध परिस्थितियों के चलते गहन जांच की जा रही है। शनिवार सुबह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का सटीक कारण स्पष्ट होगा।
स्कूल बिल्डिंग से छात्रा के कूदने की यह खबर भी पढ़िए…
