
श्रीगंगानगर में रेल अंडर ब्रिज निर्माण की मांग को लेकर सोमवार सुबह ग्रामीणों ने पैसेंजर ट्रेन को रोक दिया और ट्रैक पर बैठ गए। ग्रामीण मांग करने लगे कि जब तक आरयूबी नहीं बनेगा वे ट्रैक पर ही बैठे रहेंगे।
इसी मांग को लेकर सूरतगढ़ के लोग सुबह 11 बजे मोहननगर रेलवे स्टेशन के पास बने ट्रैक पर पहुंचे और श्रीगंगानगर-सूरतगढ़ ट्रेन को रोक दिया गया। इस दौरान ट्रेन करीब 40 मिनट तक रुकी रही।
जान जोखिम में डालकर पार करते हैं पटरी
ग्रामीणों का कहना है कि मोहननगर और आस-पास के गांवों के लोग रोजाना इस रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते हैं। स्कूल-कॉलेज जाने वाले बच्चे, किसान, महिलाएं और बुजुर्ग तेज रफ्तार ट्रेनों के बीच पटरी पार करने को मजबूर हैं।
कई बार हादसे हो चुके हैं, लेकिन रेलवे प्रशासन RUB बनाने में कोई रुचि नहीं दिखा रहा। लंबे समय से लिखित शिकायतें और ज्ञापन दिए जा चुके हैं, पर कोई सुनवाई नहीं हुई।
इससे आक्रोशित सुबह गंगानगर-सूरतगढ़ पैसेंजर ट्रेन पहुंचते ही ग्रामीणों ने इंजन के आगे ट्रैक पर धरना दे दिया और नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों ने कहा- जब तक RUB नहीं बनवाएंगे, तब तक ट्रेन नहीं चलेगी। ट्रेन में सैकड़ों यात्री फंसे रहे, कई ने परेशानी में उतरकर पैदल जाने की कोशिश की।
रेलवे अधिकारी मौके पर, समझाइश जारी
रेलवे के स्थानीय अधिकारी और स्टाफ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों को मनाने और बातचीत का प्रयास किया। । उन्होंने चेतावनी दी है कि RUB निर्माण का लिखित आश्वासन या कोई ठोस समय सीमा नहीं मिली, तो आंदोलन और तेज होगा। रेलवे लाइन पर आवाजाही पूरी तरह प्रभावित है।
