
हनुमानगढ़। राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विद्युत विभाग एवं ड्यूक सोलर के संयुक्त तत्वावधान में सेवा जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की 150 यूनिट निशुल्क बिजली योजना तथा निशुल्क 1.1 केवी सोलर प्लांट योजना की जानकारी देना और अधिक से अधिक लोगों का पंजीकरण करवाना रहा।
इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, आईटी संयोजक पारस मिड्ढा एवं सोलर संगठन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद सिंधवा, ड्यूक सोलर के प्रबंधक दीपक अरोड़ा उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम पंचायत रोडावाली में सरपंच श्री नूर नबी भाटी ने की।
शिविर में विद्युत विभाग एवं ड्यूक सोलर के अधिकारियों द्वारा आमजन को राज्य सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। उपस्थित लोगों को बताया गया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को 150 यूनिट तक निशुल्क बिजली देने का वादा किया है, जिसे चरणबद्ध रूप से लागू किया जा रहा है। इस योजना से प्रदेश के लाखों परिवार लाभान्वित हो चुके हैं और आगे भी अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि प्रदेश का हर नागरिक ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने। इसी उद्देश्य से सरकार अपने खर्च पर प्रत्येक पात्र परिवार के घर 1.1 केवी का सोलर प्लांट लगवा रही है, जिससे लोगों को बिजली बिल से राहत मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
डेलू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस योजना का विशेष लाभ मिल सकता है, क्योंकि इससे किसानों और ग्रामीण परिवारों की आर्थिक बचत होगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पंजीकरण करवाकर इस योजना का लाभ उठाएं।
इस दौरान सोलर संगठन भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष अरविंद सिंधवा ने सोलर ऊर्जा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है। इससे न केवल बिजली की समस्या का समाधान होगा, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। वहीं ड्यूक सोलर के प्रबंधक दीपक अरोड़ा ने कहा कि कंपनी पूरी पारदर्शिता के साथ सरकार की योजनाओं को जमीन पर उतारने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शायना अरोड़ा ने कहा कि रोडावाली गांव को “सोलर ग्राम” के रूप में विकसित करना है, जिसके अंतर्गत हर घर में 1.1 किलोवाट का सोलर प्लांट स्थापित कर ग्रामीणों को 150 यूनिट प्रतिमाह निःशुल्क बिजली का लाभ दिलाया जाएगा। इसी उद्देश्य से गांव में पंजीकरण शिविर लगाया गया, जिसमें ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अतिथियों ने केंद्र सरकार की नवीकरणीय ऊर्जा योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में आत्मनिर्भरता, बिजली बचत और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। शिविर के दौरान ग्रामीणों को सोलर ऊर्जा से जुड़ी योजनाओं, सब्सिडी और प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी भी दी गई।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे और उन्होंने योजना से संबंधित प्रश्न पूछकर जानकारी प्राप्त की। प्रबंधक दीपक अरोड़ा के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।
