
श्रीगंगानगर । चौ. बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय श्रीगंगानगर में बुधवार को अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, राजस्थान (उच्च शिक्षा) की स्थानीय इकाई के तत्वावधान में कर्तव्य बोध दिवस मनाया। कार्यक्रम में पूर्व प्राचार्या विजय लक्ष्मी महेंद्रा मुख्य वक्ता रहीं।
उन्होंने स्वामी विवेकानंद के जीवन-चरित्र के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए संकाय सदस्यों व छात्राओं को सद्चरित्र निर्माण, नैतिक मूल्यों के विकास और निरंतर सीखते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कर्तव्यनिष्ठ जीवन से ही व्यक्ति और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. पूनम सेतिया ने प्रत्येक कार्य को पूर्ण मनोयोग, निष्ठा और ईमानदारी से करने पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के संतुलित निर्वहन को आवश्यक बताया।
प्रदेश सचिव प्रो. श्याम लाल ने कहा कि संगठन “राष्ट्र के हित में शिक्षा, शिक्षा के हित में शिक्षक और शिक्षक के हित में समाज” की भावना के साथ कार्य करता है। जब शिक्षक अपने दायित्वों का समर्पण भाव से निर्वहन करता है, तो समाज स्वतः उसके समर्थन में खड़ा होता है।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. कमलजीत मान ने अतिथियों, संकाय सदस्यों व छात्राओं का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन जिला सचिव डॉ. विवेक शर्मा ने किया। इस अवसर पर प्रो. इंद्रा सहारण, इकाई सचिव डॉ. हितेश मिढा, इकाई सहसचिव डॉ. जसवीर सिंह सहित संकाय सदस्य व छात्राएं उपस्थित रहीं।
