
हनुमानगढ़। सहजीपुरा करनीसर क्षेत्र में खेत की सिंचाई के लिए तोड़ी गई पाइपलाइन जुड़वाने को लेकर किसान मलकीत सिंह पिछले आठ महीनों से प्रशासन के चक्कर काटने को मजबूर है। किसान सभा ने आरोप लगाया कि स्पष्ट अदालती आदेशों के बावजूद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, जिससे किसान की लगातार फसलें बर्बाद हो रही हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उप मजिस्ट्रेट हनुमानगढ़ ने 26 सितंबर 2025 को पाइपलाइन जोड़ने के आदेश जारी किए थे। इसके खिलाफ अप्रार्थीगणों द्वारा जिला सत्र एवं जिला न्यायाधीश हनुमानगढ़ में दायर अपील को भी अपर जिला न्यायाधीश ने 8 दिसंबर 2025 को खारिज करते हुए किसान मलकीत सिंह के पक्ष में निर्णय दिया। इसके बाद जोधपुर उच्च न्यायालय ने भी मलकीत सिंह, बलविंद्र सिंह व मनप्रीत सिंह के पक्ष में फैसला सुनाया। इसके बावजूद आज तक पाइपलाइन नहीं जोड़ी गई।
अखिल भारतीय किसान सभा के नेता रघुवीर वर्मा ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि दो बार पुलिस जाब्ता मांगे जाने और तैयार होने के बाद भी जिला प्रशासन बहाने बनाकर टालमटोल कर रहा है। किसान नेताओं का आरोप है कि प्रशासन भाजपा नेताओं के दबाव में काम कर रहा है और जानबूझकर अदालती आदेशों की पालना नहीं की जा रही, ताकि मामला विवादित बनाकर ठंडे बस्ते में डाला जा सके।
किसान सभा के तहसील महासचिव मोहन लोहरा ने कहा कि प्रशासन की इस कथित हठधर्मिता के कारण किसान की अब तक तीन फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और चौथी फसल भी नष्ट होने की कगार पर है। नेताओं ने सवाल उठाया कि जब एक निजी औद्योगिक इकाई के पक्ष में 2700 पुलिसकर्मी और अधिकारी तैनात किए जा सकते हैं, तो एक गरीब किसान को उसके कानूनी अधिकार दिलाने के लिए समय और संसाधन क्यों नहीं हैं।
प्रेस वार्ता में किसान नेता जगजीत सिंह जग्गी ने आरोप लगाया गया कि जिले में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। हनुमानगढ़ सदर थाने में दर्ज एफआईआर नंबर 6 में एक नाबालिग दलित बच्ची के लापता होने के मामले में भी पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे आमजन में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है।
इन सभी मांगों और मुद्दों को लेकर अखिल भारतीय किसान सभा एवं अन्य संगठनों ने सोमवार से जिला कलेक्टर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा की है। किसान सभा ने चेतावनी दी कि जब तक अदालती आदेशों की पालना कर किसान को न्याय नहीं दिलाया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उक्त विषय को लेकर रविवार को जंक्शन स्थित किसान भवन में अखिल भारतीय किसान सभा द्वारा प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इसमें किसान नेता रघुवीर वर्मा, जगजीत सिंह जग्गी और मोहन लोहरा ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आंदोलन का आह्वान किया। इस मौके पर वेद मक्कासर, प्रह्लाद बहलोलनगर, विनोद सहजीपुरा, मुख्तयार सिंह, भगवानाराम, लालचंद देवर्थ, काश्तकार मलकीत सिंह, बलविंदर सिंह, गुरजंट सिंह, मनप्रीत सिंह, सोहन सिंह, बलजीत सिंह, पवन कुमार, सुनील सोनी, हरबंस सिंह, राम सिंह सहित अन्य काश्तकार मौजूद थे।
